दिग्गी के 'भारत अधिकृत कश्मीर' बयान पर भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग

कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के बयान पर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। वहीं कांगेस ने भी भाजपा पर पलटवार किया है।

By Manish NegiEdited By: Publish:Thu, 18 Aug 2016 02:42 PM (IST) Updated:Thu, 18 Aug 2016 02:50 PM (IST)
दिग्गी के 'भारत अधिकृत कश्मीर' बयान पर भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग

नई दिल्ली, (एएनआई)। कश्मीर के मुद्दे पर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह के विवादित बयान के बाद कांग्रेस बैकफुट पर आ गई है। पिछले कुछ समय से कांग्रेस नेता कश्मीर के मुद्दे पर नए विवादों को हवा दे रहे हैं। इससे पहले पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद भी पीओके को लेकर भाजपा के रूख की आलोचना कर चुके हैं। हालांकि, कांग्रेस खुद सलमान खुर्शीद के बयान से किनारा कर चुकी है। वहीं अब दिग्विजय सिंह के बयान ने विरोधी पार्टियों को हमला करने का एक और मौका दे दिया है।

दिग्गी के कश्मीर को भारत अधिकृत बताने पर भाजपा ने कांग्रेस की जमकर आलोचना की है। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने कहा 'कांग्रेस ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर अपनी असंवेदनशीलता दिखाई है। कांग्रेस के नेताओं में तालमेल नहीं है। इससे साफ पता चलता है कि कांग्रेस अवसरवाद की राजनीति करती है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस नेताओं को राजनीतिक हित की नहीं बल्कि राजनीतिक अवसरवाद की सलाह दी जाती है। कांग्रेस क्यों पाकिस्तान को दोषमुक्त करना चाह रही है? मैं उनसे अपील करता हूं कि कांग्रेस नेता इस मुद्दे पर संवेदनशील रहे और इस मुद्दे को वास्तविकता की नजर से देखें।'

वेंकैया के आरोपों पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है। कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने वेंकैया नायडू के बयान को अनुचित, गैर जिम्मेदाराना और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि 'कांग्रेस का हमेशा से ही आतंकवादी गतिविधियों के खिलाफ स्पष्ट रुख रहा है और पाक प्रायोजित आतंकवाद की हमेशा से पार्टी मुखालफत करती रही है। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया था कि पाकिस्तान शांति के समर्थन में है। लेकिन, उसके बदले में हमें गुरदासपुर, उधमपुर, पठानकोट और कश्मीर में अशांति मिली। मैं ये स्पष्ट करता हूं कि कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा है। पीओके ही असली मुद्दा है। सरकार क्यों ऐसे संवेदनशील मुद्दे पर भारत को बांटना चाह रही है। व्यक्तिगत टिप्पणियों को तोड़-मरोड़ कर पेश नहीं किया जाना चाहिए।'

जानें, आखिर कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह की जुबान क्यों है फिसलती

chat bot
आपका साथी