अगले हफ्ते सऊदी अरब और यूएई जा सकते हैं सेना प्रमुख, रविवार को रवाना होने की संभावना, चार दिवसीय होगा दौरा

नेपाल की यात्रा के बाद अब सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने के अगले हफ्ते सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर जाने की संभावना है। पीटीआई के मुताबिक इस यात्रा का मकसद खाड़ी क्षेत्र के देशों के साथ रक्षा संबंधों को मजबूत देना है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Fri, 04 Dec 2020 06:02 AM (IST) Updated:Fri, 04 Dec 2020 06:02 AM (IST)
अगले हफ्ते सऊदी अरब और यूएई जा सकते हैं सेना प्रमुख, रविवार को रवाना होने की संभावना, चार दिवसीय होगा दौरा
सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने के अगले हफ्ते सऊदी अरब और यूएई की यात्रा पर जाने की संभावना है।

नई दिल्ली, पीटीआइ। सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवाने के अगले हफ्ते सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की यात्रा पर जाने की संभावना है। इस यात्रा का मकसद खाड़ी क्षेत्र के दोनों प्रभावशाली देशों के साथ रक्षा व सुरक्षा संबंधों को और मजबूत बनाना है।

सूत्रों ने बताया कि जनरल नरवाने रविवार को रवाना हो सकते हैं। उनके दोनों देशों में दो-दो दिन रुकने की संभावना है। फिलहाल उनके यात्रा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सेना प्रमुख की यात्रा का पहला पड़ाव सऊदी अरब होगा। सूत्रों का कहना है कि यात्रा के दौरान जनरल नरवाने दोनों देशों के शीर्ष सैन्य नेतृत्व से वार्ता करेंगे।

पिछले कुछ वर्षों में सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के साथ भारत के रिश्तों में काफी मजबूती आई है। बताते हैं कि सऊदी अरब भारत के साथ रक्षा उपकरणों के संयुक्त उत्पादन का इच्छुक है। सऊदी अरब भारत का प्रमुख व्यापारिक साझेदार होने के साथ-साथ ऊर्जा का बड़ा स्रोत भी है। भारत कच्चे तेल की अपनी जरूरतों का करीब 18 फीसद सऊदी अरब से ही आयात करता है। इसके अलावा वह भारत के लिए एलपीजी का भी बड़ा स्त्रोत है।

बताते चलें कि सेना प्रमुख जनरल नरवाने पिछले महीने तीन दिन की यात्रा पर नेपाल गए थे जिसका खासा कूटनीतिक महत्व था। अक्टूबर में सेना प्रमुख विदेश सचिव हर्षवर्धन श्रृंगला के साथ म्यांमार की बेहद अहम यात्रा पर गए थे। इस दौरान भारत ने म्यांमार की नौसेना को एक हमलावर पनडुब्बी की आपूर्ति करने का फैसला किया था। साथ ही दोनों पक्षों ने सैन्य और सुरक्षा संबंधों को और मजबूत बनाने पर सहमति व्यक्त की थी।

इधर, चीन के साथ जारी सैन्य गतिरोध को देखते हुए सीमा पर पी-8आइ विमान की तैनाती के बीच नौसेना प्रमुख करमबीर सिंह ने कहा है कि उनका बल कोरोना और चीन की दोहरी चुनौतियों से निपटने को तैयार है। नौसेना दिवस की पूर्व संध्या पर सिंह ने कहा कि एलएसी पर चीन की चुनौतियों से निपटने के लिए हम सेना और वायुसेना के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी