अमित शाह ने किया दलित कार्यकर्ता के घर भोजन

भोजन के बाद अमित शाह कुछ देर बस्ती की गलियों में घूमे और लोगों का अभिवादन भी किया।

By Ravindra Pratap SingEdited By: Publish:Sun, 23 Jul 2017 06:08 PM (IST) Updated:Sun, 23 Jul 2017 06:08 PM (IST)
अमित शाह ने किया दलित कार्यकर्ता के घर भोजन
अमित शाह ने किया दलित कार्यकर्ता के घर भोजन

जयपुर, जेएनएन। राजस्थान में अपने तीन दिन के दौरे के अंतिम दिन रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जयपुर में पार्टी के एक दलित बूथ कार्यकर्ता रमेश पचारिया के घर पर दोपहर भोजन के लिए गए। जयपुर की सुशीलपुरा कच्ची बस्ती में रहने वाले रमेश की मां बिरधी देवी ने अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को कम मिर्च की दाल, भिंडी, बेसन के गट्टे, आलू, दही, चपाती, चावल और हलवे का भोजन कराया।

भाजपा की जयपुर शहर इकाई के कार्यकर्ताओं ने शहर की सभी कच्ची बस्तियों में कुछ परिवारों को चिन्हित किया था। यह बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं के परिवार हैं। इन परिवारों में से सुरक्षा कारणों को देखते हुए शनिवार शाम रमेश के परिवार का चयन किया गया और उसके परिवार को सूचित कर दिया गया। रमेश पचारिया पिछले दो-ढाई वर्ष से पार्टी में सक्रिय हैं।

दोपहर करीब सवा बजे अमित शाह, मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव, अनिल जैन और प्रदेश प्रभारी वी. सतीश रमेश के घर पहुंचे। परिवार की महिलाओं ने फूल देकर अतिथियों का स्वागत किया। अमित शाह ने परिजनों से बातचीत की और इसके बाद जमीन पर बैठा कर पत्तल-दोने में सभी को भोजन परोसा गया।

भोजन के बाद अमित शाह कुछ देर बस्ती की गलियों में घूमे और लोगों का अभिवादन भी किया। बाद में रमेश की मां बिरधीदेवी ने मीडिया से बातचीत में बताया कि सभी ने भोजन काफी पसंद किया। गट्टे की सब्जी काफी पसंद की गई। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने तो यहां तक कहा कि आज उन्होंने और दिन से ज्यादा खाना खा लिया है।

यह भी पढ़ें: कोविंद के कमान संभालने से पहले ही बनी उनकी शीर्ष टीम

chat bot
आपका साथी