चुनावी दंगल में रिकार्ड तोड़ेंगे फिल्मी सितारे

राजनीति में किस्मत आजमाने वाले फिल्मी सितारों की सूची इस दफा और लंबी होगी। कोलकाता से लेकर मुंबई तक और दिल्ली से लेकर चेन्नई तक पार्टी दफ्तरों में फिल्मी सितारों की मौजूदगी देखकर ऐसी संभावना जताई जा रही है। साफ दिख रहा है कि चुनावी दंगल में इस बार सबसे ज्यादा फिल्मी सितारे और प्रसिद्ध खिलाड़ी अपनी किस्मत

By Edited By: Publish:Thu, 06 Mar 2014 10:39 PM (IST) Updated:Fri, 07 Mar 2014 12:12 AM (IST)
चुनावी दंगल में रिकार्ड तोड़ेंगे फिल्मी सितारे

नई दिल्ली, जयप्रकाश रंजन। राजनीति में किस्मत आजमाने वाले फिल्मी सितारों की सूची इस दफा और लंबी होगी। कोलकाता से लेकर मुंबई तक और दिल्ली से लेकर चेन्नई तक पार्टी दफ्तरों में फिल्मी सितारों की मौजूदगी देखकर ऐसी संभावना जताई जा रही है। साफ दिख रहा है कि चुनावी दंगल में इस बार सबसे ज्यादा फिल्मी सितारे और प्रसिद्ध खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाएंगे।

अभी तक जो सूचना आ रही है उसके मुताबिक कम से कम तीन दर्जन फिल्मी सितारे विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट पाने की होड़ में हैं। तृणमूल कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की पहली सूची में मुनमुन सेन और भारत के पहले फुटबॉल स्टार बाइचिंग भूटिया को शामिल है। माना जा रहा है कि मुनमुन सेन को टिकट दिलाने में उनकी प्रतिभा या ममता बनर्जी के साथ उनके रिश्ते से ज्यादा उनकी माता सुचित्रा सेन की हाल ही में मृत्यु की भूमिका ज्यादा रही है। तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी इसके पहले भी कई सितारों को लोकसभा व राज्यसभा पहुंचा चुकी हैं।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में भी कुछ सितारे चुनावी दंगल में उतरने को तैयार हैं। इनमें जयाप्रदा, राज बब्बर और भोजपुरी फिल्म स्टार रवि किशन प्रमुख हैं। एक अन्य भोजपुरी अभिनेता व गायक मनोज तिवारी को इस बार भाजपा से टिकट मिलने की पूरी संभावना है। फिल्म अभिनेत्री नगमा को भी उम्मीद है कि उनके पिछले एक दशक की सेवा को देखते हुए कांग्रेस इस बार उन्हें मुंबई की किसी सीट से प्रत्याशी घोषित कर सकती है।

वैसे, फिल्मी सितारों का सबसे ज्यादा जमघट दक्षिणी राज्यों में इस बार भी देखने को मिलेगा। कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में कम से कम दो दर्जन फिल्मी सितारे टिकट पाने की होड़ में हैं। कन्नड़ अभिनेत्रियों रक्षिता, पूजा गांधी, तारा विभिन्न राजनीतिक दलों से टिकट पाने की जुगत में जुटी हैं। ये तीनों पिछले कुछ वर्षो से राजनीति में सक्रिय हैं। पृथक राज्य तेलंगाना का असर तेलुगू फिल्म सितारों के राजनीतिक महत्वकांक्षाओं पर भी पड़ा है। चिरंजीवी और विजयशांति की मौजूदगी के बीच रोजा, सुमन, जीविथा, राजशेखर, मोहनबाबू, मुरली मोहन जैसे तेलुगू स्टार भी कांग्रेस, वाइएसआर कांग्रेस और तेदेपा के साथ अपना राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं। पहली बार ओडिशा की राजनीति में भी स्टार पावर का जोर दिख रहा है। उड़िया फिल्मों के सुपरस्टार अनुभव और उत्तम मोहंती बीजू जनता दल (बीजद) से टिकट लेने के लिए प्रयासरत हैं। उड़िया फिल्मों के पुराने स्टार सिद्धांत महापात्रा पहले ही बीजद के सांसद हैं।

पार्टी-------स्टार पावर

कांग्रेस---राज बब्बर, रवि किशन, चिरंजीवी, जयाप्रदा, नगमा, राम्या

भाजपा- मनोज तिवारी, भप्पी लाहिरी, शत्रुघ्न सिन्हा, स्मृति ईरानी

आप- रब्बी शेरगिल, ंिंवशाल डडलानी, रीना रानी, रेमो फर्नाडीज

तृणमूल कांग्रेस- शताब्दी राय, मिथुन चक्रवर्ती, मुनमुन सेन

chat bot
आपका साथी