पहले चरण का प्रचार अभियान थमा, 21 राज्यों की 102 सीटों पर 19 अप्रैल को होगा मतदान, 1625 प्रत्याशी मैदान में

Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान बुधवार यानी 17 अप्रैल की शाम थम गया है। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर कुल 1626 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पहले चरण में आठ केंद्रीय मंत्री दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल की किस्मत दांव पर है।

By Jagran NewsEdited By: Ajay Kumar Publish:Wed, 17 Apr 2024 06:23 PM (IST) Updated:Wed, 17 Apr 2024 06:39 PM (IST)
पहले चरण का प्रचार अभियान थमा, 21 राज्यों की 102 सीटों पर 19 अप्रैल को होगा मतदान, 1625 प्रत्याशी मैदान में
लोकसभा चुनाव 2024: पहले चरण का प्रचार अभियान थमा।

चुनाव डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार अभियान बुधवार यानी 17 अप्रैल की शाम थम गया है। 19 अप्रैल को पहले चरण की वोटिंग होगी। देश के 21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों पर कुल 1626 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पहले चरण में आठ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल की किस्मत दांव पर है।

19 अप्रैल को यहां मतदान

19 अप्रैल को उत्तर प्रदेश की आठ, राजस्थान की 13, मध्य प्रदेश की छह, असम की पांच, बिहार की चार, महाराष्ट्र की पांच, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ की एक-एक, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश की दो-दो, त्रिपुरा की एक, उत्तराखंड की छह, तमिलनाडु की 39, पश्चिम बंगाल की तीन, सिक्किम, नगालैंड, अंडमान और निकोबार, मिजोरम, पुडुचेरी, मणिपुर और लक्षद्वीप में मतदान होगा।

पहले चरण में ये दिग्गज मैदान में

महाराष्ट्र की नागपुर सीट से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी चुनाव मैदान में हैं। अरुणाचल पश्चिम सीट से केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। यहां उनका मुकाबला पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी से हैं।असम की डिब्रूगढ़ लोकसभा सीट से केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल चुनावी समर में उतरे हैं।

मुजफ्फनगर पर सबकी निगाहें

उत्तर प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट मुजफ्फनगर से केंद्रीय मंत्री संजीव बलियान मैदान में हैं। यहां उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के हरेंद्र मलिक और बसपा उम्मीदवार दारा सिंह प्रजापति से है। जम्मू-कश्मीर की उधमपुर सीट से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह का मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी लाल सिंह से है।

कौन जीतेगा अलवर का रण?

राजस्थान की अलवर सीट से केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस के विधायक ललित यादव की चुनौती है। बीकानेर में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल से है। तमिलनाडु की नीलगिरी लोकसभा सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ए राजा के सामने केंद्रीय मंत्री एल मुरुगन चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्व राज्यपाल भी चुनावी समर में उतरीं

चेन्नई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र से पूर्व राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन चुनाव में उतरी हैं। पश्चिम त्रिपुरा से पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आशीष कुमार साहा हैं।

chat bot
आपका साथी