Coronavirus: महाराष्ट्र के पुणे में 14 मार्च तक स्कूल और कॉलेज बंद

Coronavirus पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने रविवार को बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण स्कूल कॉलेज प्राट कोचिंग क्लासेस 14 मार्च तक बंद रहेंगे। पुणे शहर में लगाए गए प्रतिबंधों को 14 मार्च तक बढ़ाया गया है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 03:52 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 04:58 PM (IST)
Coronavirus: महाराष्ट्र के पुणे में 14 मार्च तक स्कूल और कॉलेज बंद
महाराष्ट्र के पुणे में 14 मार्च तक स्कूल और कॉलेज बंद। फाइल फोटो

मुंबई, एएनआइ। Coronavirus:  महाराष्ट्र में पुणे के मेयर मुरलीधर मोहोल ने रविवार को बताया कि कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण स्कूल, कॉलेज, कोचिंग क्लासेस 14 मार्च तक बंद रहेंगे। इस दौरान कोई पब्लिक गतिविधि भी नहीं होगी। पुणे शहर में लगाए गए प्रतिबंधों को 14 मार्च तक बढ़ाया गया है। वहीं, नागपुर में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों की वजह से वीकेंड पर बाजार बंद हैं।  अमरावती जिले में लॉकडाउन को और एक हफ्ते के लिए बढ़ा दिया गया है। अमरावती और अचलपुर के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में आठ मार्च तक अब लॉकडाउन लागू रहेगा। वहीं, नागपुर, बुल्ढाणा और यवतमाल में सप्ताहांत में दोबारा सख्त प्रतिबंध लगा दिया गया है। राज्य में नए मामलों में कोई कमी नजर नहीं आ रही। शनिवार को राज्य में कोरोना के 8623 नए मामले सामने आए और 51 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 21.46 लाख कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं और 52092 लोगों की कोरोना वायरस के संक्रमण से मौत हो चुकी है।

हिंगोली में सात मार्च तक कर्फ्यू 

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र के हिंगोली में सोमवार से सात मार्च तक के लिए कर्फ्यू लगाने की घोषणा की गई है। इस दौरान स्कूल, कॉलेज, धार्मिक स्थल और कार्यक्रम स्थल बंद रहेंगे। बैंकों में सिर्फ प्रशासनिक कार्य ही किए जाएंगे। शनिवार को हिंगोली में 46 नए मामले मिले थे।

पुणे में पाबंदियां 14 तक बढ़ीं

बढ़ते संक्रमण को देखते हुए पुणे जिले में भी लागू पाबंदियों को 14 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। इन पाबंदियों में गैर आवश्यक कार्यो से रात 11 से सुबह छह बजे के बीच आवागमन पर रोक शामिल है। साथ ही शैक्षणिक संस्थाएं भी बंद हैं। ये प्रतिबंध 21 फरवरी को लागू किए गए थे। शनिवार को पुणे जिले में 1,505 नए मामले मिले थे।

गौरतलब है कि देश में कोरोना संक्रमण में बढ़ोतरी कायम है। लगातार तीसरे दिन शनिवार को 16 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। सौ से ज्यादा लोगों की मौत भी हुई। ठीक होने वाले मरीजों की तुलना में ज्यादा नए मामले मिलने से सक्रिय मामले भी बढ़ने लगे हैं। एक दिन में सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान देशभर में कोरोना संक्रमण के 16,488 नए मामले मिले हैं। इससे पहले शुक्रवार को 16,577 और गुरुवार को 16,738 नए केस सामने आए थे। इस दौरान 12,771 मरीज ठीक हुए और 113 लोगों की मौत भी हो गई। 

chat bot
आपका साथी