राजनाथ सिंह के निशाने पर राज्‍य सरकार, कहा- महाराष्ट्र में सरकार है या सर्कस चल रहा है

वर्चुअल रैली में राजनाथ सिंह ने कहा कि जब महाराष्ट्र में चुनाव लड़ना हुआ तो भाजपा-शिवसेना का गठबंधन हुआ। लेकिन गठबंधन के बाद सत्ता की हवस में भाजपा को धोखा दिया गया।

By Arun Kumar SinghEdited By: Publish:Tue, 09 Jun 2020 02:05 AM (IST) Updated:Tue, 09 Jun 2020 02:07 AM (IST)
राजनाथ सिंह के निशाने पर राज्‍य सरकार, कहा- महाराष्ट्र में सरकार है या सर्कस चल रहा है
राजनाथ सिंह के निशाने पर राज्‍य सरकार, कहा- महाराष्ट्र में सरकार है या सर्कस चल रहा है

मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के जरिये संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राज्य सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ऐसा लगता है कि सरकार से ज्यादा सर्कस चल रहा है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि राकांपा प्रमुख शरद पवार के मजबूत नेतृत्व में भी राज्य लड़खड़ा रहा है।

राजनीतिक गठबंधन और प्रतिबद्धता पर भारी शक्ति का लालच 

रक्षा मंत्री ने कहा, 'शक्ति का लालच राजनीतिक गठबंधन और प्रतिबद्धता पर भारी पड़ रहा है। जब महाराष्ट्र में चुनाव लड़ना हुआ तो भाजपा और शिवसेना का गठबंधन हुआ। लेकिन गठबंधन के बाद सत्ता की हवस में भाजपा को धोखा दिया गया। मैं भाजपा के चरित्र को स्पष्ट करना चाहता हूं कि हम धोखा खा सकते हैं, लेकिन धोखा कभी दे नहीं सकते हैं। यह भाजपा का चरित्र रहा है। जहां कोरोना के किसी मरीज को एंबुलेंस के लिए 16 घंटे इंतजार करना पड़े, क्या वहां कोई सरकार भी है?' 

जिम्‍मेदारी से पीछा छुड़ाना कांग्रेस की आदत 

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने कहा था कि महाराष्ट्र में फैसलों में कांग्रेस की भूमिका नहीं है। इसका क्या अर्थ है? क्या इस समय वे अपनी जिम्मेदारी से पीछा छुड़ा रहे हैं? यह नई बात नहीं है, शक्ति पाना और जिम्मेदारी से बचना ही कांग्रेस का चरित्र है।' 

सोनू सूद के कार्यों की प्रशंसा की 

रक्षा मंत्री ने प्रवासी मजदूरों की मदद के लिए हाथ बढ़ाने वाले अभिनेता सोनू सूद की भी प्रशंसा की और राज्य सरकार की ओर से अभिनेता की आलोचना पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि अभिनेता के कार्यो की प्रशंसा करने के बजाय सरकार उनकी आलोचना में लगी है।

महाराष्ट्र की जनता का अभिनंदन

उन्‍होंने कहा कि मैं महाराष्ट्र की जनता का अभिनंदन करना चाहता हूँ कि दोहरे संकट के बावजूद वह मज़बूती के साथ खड़ी है। महाराष्ट्र की धरती छत्रपति शिवाजी जैसे प्रतापी और दृढ़ संकल्पी योद्धाओं से प्रेरणा लेती है मुश्किल घड़ी में भी अपना रास्ता बना लेना यही शिवाजी महाराज ने हम सभी को प्रेरणा दी है। राष्ट्र को यदि आगे ले जाना है तो उसमें महाराष्ट्र की बड़ी भूमिका होगी। महाराष्ट्र में पैदा हुए लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक की पुण्यतिथि का यह सौवां साल है। सौ साल पहले ‘पूर्ण स्वराज’ का जो स्वप्न लोकमान्य तिलक ने देखा था वह पूरा होगा। स्वराज के साथ सुराज का भी सपना पूरा होगा।

chat bot
आपका साथी