महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 7 मार्च को जाएंगे अयोध्या

Uddhav Thackeray to visit Ayodhya शिवसेना नेता संजय राउत ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 7 मार्च को अयोध्या का दौरा करेंगे।

By Babita kashyapEdited By: Publish:Sat, 25 Jan 2020 10:54 AM (IST) Updated:Sat, 25 Jan 2020 11:45 AM (IST)
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 7 मार्च को जाएंगे अयोध्या
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 7 मार्च को जाएंगे अयोध्या

मुंबई, एएनआइ। शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे 7 मार्च को अयोध्या (उत्तर प्रदेश) जाएंगे। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र में अपनी सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे हैं। इस बात का खुलासा शिवसेना नेता व राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बुधवार को ट्विटर के जरिये किया था। भाजपा ने इस प्रस्तावित यात्रा को स्टंट करार दिया है। 

शिवसेना नेता संजय राउत ने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि महाराष्ट्र सरकार पूरी मेहनत से काम कर रही है। हम पांच वर्ष पूरे करेंगे। सरकार के 100 दिन के कार्यकाल के पूरे होने पर श्रीराम के पावन दर्शन करने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे अयोध्या जा रहे हैं। 

ट्वीट के माध्यम से संजय राउत ने सूचना के साथ-साथ महाराष्ट्र सरकार में अपने सहयोगी दल कांग्रेस ओर राकांपा को भी आमंत्रित किया है। हम  अपने सहयोगी दलों को भी साथ लाना चाहते हैं। उनका कहना है कि राहुल गांधी तो मंदिरों की यात्रा करते रहते हैं। 

गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद 24 नवंबर को उद्धव ठाकरे अयोध्या जाने वाले थे। परन्तु सरकार बनाने के अनिश्चितता की स्थिति को देखते हुए इस योजना को उस समय स्थगित कर दिया गया था। लेकिन अब सरकार के 100 पूरे होने की खुशी में वह भगवान राम के दर्शन कर उनका आशीर्वाद लेना चाहते हैं। बता दें कि लोकसभा चुनाव के तुरंत बाद जून 2019 में वह पार्टी के 18 सदस्यों के साथ अयोध्या का दौरा कर चुके हैं। 

उद्धव ठाकरे की इस प्रस्तावित यात्रा को लेकर दिल्ली की भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने चुटकी लेते हुए कहा था कि क्या शिवसेना कांग्रे के साथ अयोध्या जा रही है। मीनाक्षी लेखी का कहना था कि कांग्रेस ने भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा किया था क्या वही कांग्रेस अब अयोध्या जाएगी। भाजपा नेता सायना एन.सी ने भी शिवसेना पर टिप्पणी कर कहा था कि आखिर शिवसेना किस विचाराधारा की है, ये समझना मुश्किल है।

 महाराष्ट्र में नेताओंं के फोन टेप, फडनवीस बोले विपक्षी नेताओं का फोन टेप करना महाराष्ट्र की परंपरा नहीं

chat bot
आपका साथी