अभिनेत्री कंगना रनोट और बहन रंगोली चंदेल को मुंबई पुलिस का नोटिस, 10 नवंबर तक पेश होने का आदेश

राजद्रोह मामले में मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट (Kangana Ranaut) और उनकी बहन रंगोली चंदेल ( sister Rangoli) को समन जारी कर 10 नवंबर तक बांद्रा पुलिस स्टेशन में पेश होने का आदेश दिया है।

By Babita kashyapEdited By: Publish:Tue, 03 Nov 2020 01:17 PM (IST) Updated:Tue, 03 Nov 2020 01:42 PM (IST)
अभिनेत्री कंगना रनोट और बहन रंगोली चंदेल को मुंबई पुलिस का नोटिस, 10 नवंबर तक पेश होने का आदेश
राजद्रोह मामले में कंगना रनोट और उनकी बहन रंगोली को समन

मुंबई, एएनआइ। मुंबई पुलिस (Mumbai Police) ने राजद्रोह मामले में बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनोट (Kangana Ranaut) और उनकी बहन रंगोली ( sister Rangoli) को समन जारी करते हुए 10 नवंबर तक बांद्रा पुलिस स्टेशन में पेश होने का आदेश दिया है। कंगना रनोट के खिलाफ मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन (Bandra Police Station) में शिकायत दर्ज की गई थी। स्‍थानीय अदालत के आदेश पर मुंबई पुलिस ने कंगना व उनकी बहन रंगोली के खिलाफ 17 अक्‍टूबर को प्राथमिकी दर्ज की थी। ये सम्मन अदालत के आदेशों के बाद उन पर दर्ज एक एफआइआर से संबंधित है, जिसमें आरोप लगाया है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्‍ट शेयर कर दो समुदायों के बीच फूट डालने की कोशिश की थी। 

गौरतलब है कि सोशल मीडिया पर साम्प्रदायिक तनाव फैलाने और अन्य आरोपों के लिए एक स्थानीय अदालत के आदेश पर कंगना और उनकी बहन रंगोली चंदेल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में कंगना और उनकी बहन रंगोली के खिलाफ 124 ए सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।

साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश

मुंबई पुलिस ने मुंबई की एक अदालत में  साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश करने के आरोप में कंगना और रंगोली के खिलाफ दायर याचिका की जांच का आदेश दिया था। बांद्रा मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट की अदालत में निर्देशक मुनव्वर अली सैय्यद की शिकायत पर पुलिस को जांच करने का आदेश दिया था। दर्ज की गई शिकायत में अभिनेत्री कंगना और उनकी बहन रंगोली द्वारा किए गए ट्वीट तथा अन्य बयानों का हवाला दिया गया था। बांद्रा पुलिस ने कंगना और उनकी बहन रंगोली के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 153 ए (धर्म, नस्ल इत्यादि के आधार पर समुदायों के बीच वैमनस्य बढ़ाना), 295 ए (धार्मिक भावनाओं को आहत करना) और 124 ए (राजद्रोह) के तहत केस दर्ज किया है। 

कंगना ने की 'बेहद आपत्तिजनक' टिप्पणियां

सैय्यद के वकील ने बताया कि दर्ज की गई शिकायत में कहा गया कि पिछले दो माह से कंगना अपने ट्वीट और टीवी पर दिए गए इंटरव्यू में बॉलीवुड को 'भाई भतीजावाद का गढ़', 'भेदभाव का स्थान' आदि कह कर बदनाम करने की कोशिश कर रही हैं। शिकायतकर्ता का यह भी कहना था कि अभिनेत्री कंगना ने 'बेहद आपत्तिजनक' टिप्पणियां की, जिनसे न केवल शिकायतकर्ता की, बल्कि कई कलाकारों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। 

chat bot
आपका साथी