Mumbai Local Train News: वैक्सीन की खुराक ले चुके लोगों के लिए अच्छी खबर, जल्द मिल सकती है मुंबई लोकल में यात्रा की अनुमति
Mumbai Local Train News महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री असलम शेख के अनुसार मुंबई में कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके लोगों को दो से तीन दिनों के भीतर लोकल ट्रेन और BEST बसों में यात्रा करने की अनुमति मिल सकती है।
मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री असलम शेख ने बुधवार को संकेत दिया कि कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक ले चुके यात्रियों को दो से तीन दिनों के भीतर उपनगरीय ट्रेन सेवाओं में यात्रा करने की अनुमति दी जा सकती है। कैबिनेट मंत्री शेख ने राज्य कैबिनेट की बैठक में कहा, मुंबई लोकल ट्रेन और बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (BEST) बसों को पूरी तरह से वैक्सीनेशन करवा चुके व्यक्तियों के लिए खोलने पर विस्तृत चर्चा हुई।
एक मंत्री के रूप में, मेरा यह भी विचार है कि जो व्यक्ति वैक्सीन की दो खुराक ले चुका है उसे मुंबई लोकल में यात्रा करने की अनुमति दी जानी चाहिए, हमने मुख्यमंत्री को इस बारे में भी सूचित किया है। टास्क फोर्स द्वारा रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद मुंबई लोकल पर निर्णय अगले दो से तीन दिनों में लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच चार महीने पहले लगाये गए प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील दी गई है। रेस्तरां का समय भी बढ़ाया जाना चाहिए। जल्द ही इस पर भी निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि मुंबई की लाइफलाइन कही जाने लोकल ट्रेन सेवाएं वर्तमान में कोरोना प्रकोप के कारण केवल आवश्यक सेवा से जुड़े कर्मचारियों के लिए ही चलायी जा रही हैं। लेकिन अब आम जनता के लिए उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को फिर से शुरू करने की मांग जोर पकड़ रही है।