भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी बोले, ईसाइयों ने नहीं लड़ी आजादी की लड़ाई

भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी ने कहा है कि ईसाई ब्रिटिश थे, इसलिए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग नहीं लिया।

By BabitaEdited By: Publish:Fri, 06 Jul 2018 02:25 PM (IST) Updated:Fri, 06 Jul 2018 05:31 PM (IST)
भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी बोले, ईसाइयों ने नहीं लड़ी आजादी की लड़ाई
भाजपा सांसद गोपाल शेट्टी बोले, ईसाइयों ने नहीं लड़ी आजादी की लड़ाई

मुंबई, एएनआइ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद गोपाल शेट्टी ने ईसाइयों को अंग्रेज बताते हुए कहा है कि इन्होंने आजादी की लड़ाई नहीं लड़ी है। हालांकि बाद में उन्होंने अपने बयान का खंडन करते हुए कहा है‍ कि मेरा बयान गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। मैंने किसी के खिलाफ कभी भेदभाव नहीं किया है। फिर भी, मैंने राज्य पार्टी अध्यक्ष को इस्तीफा देने के अपने फैसले के बारे में सूचित किया है, जिसमें उन्होंने मुझसे मिलने के लिए कहा है। गौरतलब है कि शेट्टी ने मलाड में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ईसाइयों को अंग्रेज बताते हुए कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में ईसाइयों की कोई भागीदारी नहीं थी। 

शेट्टी ने अपने बयान में कहा कि भारत की आजादी में हिंदू और मुसलमान एक होकर लड़े थे, लेकिन ईसाइयों ने इसमें भाग नहीं, लिया क्योंकि वो तो अंग्रेज थे। मलाड के मालवानी में शिया कब्रिस्तान समिति ने ईद-ए-मिलाद पर कार्यक्रम आयोजित किया था। वहां शेट्टी ने कहा कि ईसाई ब्रिटिश थे, इसलिए उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में भाग नहीं लिया। भारत को हिंदू या मुस्लिम ने नहीं आजाद कराया बल्कि हिंदू और मुसलमान आजादी के लिए एक होकर लड़े।

जानें, गोपाल शेट्टी ने कब और कहां दिए विवादित बयान
-नोटबंदी के दौरान 2016 में भी उन्होंने बैंकों के बाहर लंबी कतारों में खड़े लोगों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि हर साल रेल पटरियों पर 3,500 यात्रियों की मौत हो जाती है। पांच लाख लोग सड़क दुर्घटनाओं में मर जाते हैं और इससे कहीं अधिक लोगों की आतंकी घटनाओं और अन्य घटनाओं में मौत हो जाती है, लेकिन कोई उनके बारे में बात नहीं करता। कुछ पाने के लिए कुछ खोना पड़ता है। अपनी इस टिप्पणी को लेकर शेट्टी को कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था।

-किसानों द्वारा खुदकुशी की घटनाओं पर शेट्टी ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि किसान भुखमरी या बेरोजगारी से परेशान होकर आत्महत्या नहीं करते, लेकिन आजकल खुदकुशी पर मुआवजा बांटना फैशन बन गया है। गोपाल शेट्टी के इस बयान पर काफी हंगामा हुआ था। 

chat bot
आपका साथी