Coronavirus: महाराष्ट्र में कोरोना के 15602 नए मामले और 88 लोगों की मौत

Coronavirus केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि पूरे देश में कोरोना कम हो रहा है। लेकिन कोरोना के 70 फीसद से ज्यादा मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं। लोगों को भीड़भाड़ नहीं करनी चाहिए। लोगों को शादी और आम सभाओं समते त्योहारों के कार्यक्रमों को टालने की जरूरत है।

By Sachin Kumar MishraEdited By: Publish:Sat, 13 Mar 2021 09:12 PM (IST) Updated:Sat, 13 Mar 2021 09:12 PM (IST)
Coronavirus: महाराष्ट्र में कोरोना के 15602 नए मामले और 88 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में कोरोना के 15602 नए मामले और 88 लोगों की मौत। फाइल फोटो

मुंबई, एएनआइ। Coronavirus: महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 15602 नए मामले सामने आए हैं, 7467 डिस्चार्ज हुए और 88 लोगों की मौत हुई है। कुल मामले 22,97,793 हो गए हैं। अब तक 21,25,211 डिस्चार्ज हुए। प्रदेश में सक्रिय मामले 1,18,525 हैं। अब तक 52,811 मौतें हुईं हैं। केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने शनिवार को कहा कि पूरे देश में कोरोना कम हो रहा है। लेकिन कोरोना के 70 फीसद से ज्यादा मामले महाराष्ट्र में आ रहे हैं। यह महाराष्ट्र के लिए अच्छी बात नहीं है। लोगों को भीड़भाड़ नहीं करनी चाहिए। लोगों को शादी और आम सभाओं समते त्योहारों के कार्यक्रमों को टालने की जरूरत है। नागपुर में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है।

नागपुर में 15 से 21 मार्च तक भी लॉकडाउन रहेगा। एक व्यक्ति ने कहा कि यह जरूरी था क्योंकि पहले छूट थी तब लोगों ने उसका दुरुपयोग किया। लोग मास्क भी नहीं लगा रहे थे न सामाजिक दूरी का पालन कर रहे थे। औरंगाबाद में भी कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए वीकेंड पर पूरी तरह लॉकडाउन लगाया गया है। लॉकडाउन के दौरान औरंगाबाद की सड़कें सुनसान दिखी। औरंगाबाद में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने शनिवार और रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन लगाया है। 

गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर की आशंका बढ़ गई है। देशभर में शनिवार को करीब 25 हजार पॉजिटिव केस मिले, जो 83 दिनों बाद एक दिन में नए मामलों की सबसे बड़ी संख्या है। 53 दिनों बाद सक्रिय मामलों का आंकड़ा भी दो लाख को पार कर गया है। सक्रिय मामलों के बढ़ने के साथ ही मरीजों के उबरने की दर गिरती जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शनिवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान देशभर में 24,882 नए मामले मिले, 19,957 मरीज स्वस्थ हुए और 140 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र में 56, पंजाब में 34 और केरल में 14 मौतें शामिल हैं। इससे पहले, पिछले साल 20 दिसंबर को 26,624 संक्रमित पाए गए थे। शुक्रवार को 22,885 नए मामले और 126 लोगों की मौत हुई थी, जबकि गुरुवार को 22,854 संक्रमित पाए गए थे और 133 लोगों की मौत हुई थी। 

chat bot
आपका साथी