MP News: स्कूल में सरकारी खर्च पर बनाई गई मजार, पढ़ी जाती थी नमाज

MP News सीएम राइज स्कूल परिसर में मुस्लिम वर्ग की तत्कालीन प्राचार्य शाहिना फिरदौस ने सरकारी खर्च पर चबूतरे को मजार का रूप दे दिया और मुस्लिम शिक्षक हर शुक्रवार को वहां नमाज भी पढ़ने लगे। मामला मध्य प्रदेश के विदिशा का है।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Thu, 06 Oct 2022 09:28 PM (IST) Updated:Thu, 06 Oct 2022 09:28 PM (IST)
MP News: स्कूल में सरकारी खर्च पर बनाई गई मजार, पढ़ी जाती थी नमाज
मप्र के स्कूल में सरकारी खर्च पर बनाई गई मजार, पढ़ी जाती थी नमाज। फाइल फोटो

विदिशा, जेएनएन। MP News: मध्य प्रदेश में विदिशा जिले के कुरवाई स्थित सीएम राइज स्कूल परिसर में मुस्लिम वर्ग की तत्कालीन प्राचार्य शायना फिरदौस ने सरकारी खर्च पर चबूतरे को मजार का रूप दे दिया और मुस्लिम शिक्षक हर शुक्रवार को वहां नमाज भी पढ़ने लगे। मुस्लिम विद्यार्थियों को इस दिन विशेष अवकाश भी दिया जाता था। मामला गरमाने के बाद गुरवार की शाम लोक शिक्षण आयुक्त अभय वर्मा ने शायना को निलंबित कर दिया है।

आयोग ने जताई नाराजगी

इधर, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष भी गुरुवार को कुरवाई पहुंचे। उन्होंने जांच के दौरान जिला शिक्षा के अधिकारी के उपस्थित नहीं रहने पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आयोग डीईओ और बीईओ को नोटिस जारी करेगा। इधर, कुरवाई एसडीएम अंजली शाह ने भी मुख्यालय पर नहीं रहने वाले शिक्षकों को नोटिस जारी करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि स्कूल परिसर में बने अवैध निर्माण को शीघ्र हटाया जाएगा।

तत्कालीन प्राचार्य का तबादला

जिला शिक्षा विभाग को स्कूल परिसर में मजार बनाने की जानकारी अगस्त के पहले सप्ताह में ही मिल गई थी, मगर अधिकारियों ने मामले को छिपाते हुए बीआरसी के माध्यम से गोपनीय जांच कराई और रिपोर्ट संयुक्त संचालक को भेज दी। इसके बाद जिला शिक्षाधिकारी अतुल मुद्गल ने तत्कालीन प्राचार्य फिरदौस का तबादला कुरवाई से पठारी हायर सेकेंडरी स्कूल में कर दिया। हालांकि, उन्होंने अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। मुद्गल ने बताया कि उन्होंने 31 अगस्त को स्कूल परिसर से मजार का निर्माण हटाने के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा था, लेकिन अब तक निर्माण नहीं हटाया गया है। उन्होंने बताया कि फरवरी 2022 में प्राचार्य ने स्कूल की मरम्मत के लिए मिली सरकारी राशि से इसकी मरम्मत कराई थी और चबूतरे को मजार का स्वरूप दे दिया था।

प्रार्थना में गाया जाता था फिल्मी गीत-ऐ मालिक तेरे बंदे हम

विद्यार्थियों ने बताया कि प्राचार्य फिरदौस के रहते स्कूल में प्रार्थना के समय फिल्मी गीत ऐ मालिक तेरे बंदे हम..गाया जाता था। राष्ट्रगान सिर्फ गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस पर ही होता था।

स्कूल कक्ष में होती थी नमाज

स्कूल के निरीक्षण के बाद बाल संरक्षण अधिकार आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने कहा कि इस स्कूल परिसर में लंबे समय तक धर्म विशेष पर आधारित गतिविधियां संचालित होती रहीं और शिक्षा विभाग के अधिकारी अनजान बने रहे। उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से बातचीत के आधार पर बताया कि तत्कालीन प्राचार्य ने नमाज पढ़ने के लिए एक कक्ष आवंटित कर रखा था। मुस्लिम शिक्षक हर शुक्रवार इसमें नमाज पढ़ते थे। इस मौके पर मुस्लिम विद्यार्थियों को विशेष अवकाश दिया जाता था।

यह भी पढ़ेंः श्रीराम वन गमन पथ में आने वाले सिद्धा पहाड़ पर नहीं होगा खनन, शिवराज सरकार ने लगाई रोक

chat bot
आपका साथी