कांग्रेस ही कांग्रेस को हराती है: राहुल गांधी

By Edited By: Publish:Tue, 21 Jan 2014 01:54 AM (IST) Updated:Tue, 21 Jan 2014 01:55 AM (IST)
कांग्रेस ही कांग्रेस को हराती है: राहुल गांधी

भोपाल [ब्यूरो]। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेसियों को डिप्रेशन से बाहर निकालने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पदाधिकारियों को संघर्ष का मंत्र दिया।

उन्होंने कहा कि चाहे एक सीट बचे, जनता के लिए संघर्ष करो। इसमें लाठी भी खानी पडे़ तो खाइए, जरूरत पड़ी तो मैं भी इसके लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा कि मुझे विधानसभा चुनाव में हार के कारण मत बताइए। सब जिम्मेदार हैं। कांग्रेस ही कांग्रेस को हराती है। अब ये नहीं चलेगा। यहां की सरकार को हटाने की जिम्मेदारी आप सभी की है।

राहुल गांधी सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भूतल पर प्रदेश पदाधिकारी और प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 10-15 साल से जो चल रहा है वो अब नहीं चलेगा। ल़़डो मुकाबला करो। दो तरह के घो़़डे होते हैं एक शादी वाला दूसरा रेस का। उन्होंने प्रदेश पदाधिकारियों से कहा कि अब शादी वाले घो़़डे को शादी में और रेस वाले को रेस में लगाओ। इस दौरान किसी पदाधिकारी ने यह भी कहा कि आपने [राहुल गांधी] पहले भी कहा था कि अब ऐसा नहीं चलेगा लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे निभाने की पूरी कोशिश करूंगा।

व्यापमं घोटाले में एक्शन होगा

प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक के बाद युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि डरे हुए क्यों हो। जोरदार ताली बजाओ। जो मैदान में सक्रिय रहेगा उसके भविष्य की चिंता मुझे है। प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने उन्हें बताया कि विधानसभा चुनाव में हमारी टीम ने लगकर काम किया। अब लोकसभा चुनाव में ताकत से लगेंगे। भोपाल लोकसभा अध्यक्ष अमित शर्मा ने व्यावसायिक परीक्षा मंडल के घोटाले का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश के इतिहास में नौजवानों के साथ इससे ब़़डा घोटाला नहीं हुआ है। महासचिव दिग्विजय सिंह ने व्यापमं के मुद्दे को विस्तार से बताया तो राहुल गांधी ने कहा कि चिंता मत करो, मैं एक्शन करवाता हूं। आंदोलन करें। साथ ही सिंह से कहा कि कोर्ट के मेटर में बताइए।

टिकट जल्द घोषित करेंगे

जिला और ब्लाक अध्यक्षों की बैठक में कांग्रेस के राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा के टिकट जल्दी घोषित करेंगे। अब पार्टी ने आपको युवा प्रदेश अध्यक्ष दिया है। जिसके दिल में कांग्रेस है उसे आगे करो। जो काम करे, कांग्रेस की लड़ाई लडे़, उसे काम और पार्टी में पद दो। अध्यक्षों से कहा कि सभी में दम है, बेहतर काम करें और संघर्ष करें। हम प्रदेश में तीसरी बार सरकार नहीं बना पाए, क्योंकि नेता एक नहीं हो पाए और कांग्रेस अपना काम नहीं कर पाई। प्रदेश की जनता कांग्रेस को चाहती है लेकिन कांग्रेस जनता को एकजुट नहीं दिखी।

कारण मत गिनाओ

विधानसभा चुनाव ल़़डे प्रत्याशियों की बैठक में भी गांधी ने हार की वजहों का जिक्र करते हुए कहा कि मेरे पास पूरी लिस्ट है। तभी चुनाव हारे एक प्रत्याशी ने कहा कि जिन ब़़डे नेताओं की पहुंच दिल्ली तक है उनकी वजह से यहां इतनी बुरी हार हुई है। हार की वजह जब गिनाने की हो़़ड लगने लगी तो गांधी ने कहा कि अब पीछे नहीं आगे देखें। लोकसभा चुनाव नजदीक हैं। सभी इसकी तैयारियों में एकजुटता से जुट जाएं।

दिल्ली-भोपाल में मत दिखना

प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव से गांधी ने हर बैठक में कहा कि आप मुझे दिल्ली और भोपाल में नहीं, बल्कि गांव-गांव और शहर-शहर की स़़डकों पर दिखाई देना। संघर्ष कीजिए, मैं पूरी तरह से आपके साथ हूं।

झलक दिखाकर रवाना

पीसीसी के बाहर मंच बनाया गया था। सुबह से ही प्रचार किया जा रहा था कि राहुल गांधी मंच पर आकर कार्यकर्ताओं से बात करेंगे लेकिन कार्यक्रम के अंत में वे सिर्फ झलक दिखाने के लिए मंच पर आए। हाथ हिलाया और चल दिए।

मीडिया से नहीं की बात

पीसीसी के बाहर राहुल गांधी से बात करने के लिए मीडिया सुबह से ही जमा हुआ था। प्रदेश पदाधिकारियों से भी इस बारे में चर्चा हुई लेकिन राहुल गांधी पिछले दरवाजे से आए और वहीं से लौट गए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर नीखरा ने उनसे मीडिया से बात करने का आग्रह भी किया लेकिन वे अनसुना करके आगे बढ़ गए।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

chat bot
आपका साथी