झारखंड का युवक विचित्र बीमारी का शिकार, तलवे से भी बड़ा हो गया अंगूठा

उसका पैर इस कदर बढ़ चुका है कि उसकी माप का चप्पल या जूता मिलना नामुमकिन है। पैरों की उंगलियां भी अजीब तरीके से विकृत हो चुकी हैं।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 23 Oct 2018 12:37 PM (IST) Updated:Tue, 23 Oct 2018 12:37 PM (IST)
झारखंड का युवक विचित्र बीमारी का शिकार, तलवे से भी बड़ा हो गया अंगूठा
झारखंड का युवक विचित्र बीमारी का शिकार, तलवे से भी बड़ा हो गया अंगूठा

चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), पंकज मिश्रा। झारखंड में पूर्वी सिंहभूम के चाकुलिया प्रखंड के बड़ामारा पंचायत अंतर्गत नीमडीहा गांव निवासी लक्ष्मण मुर्मू का पैर अप्रत्याशित तरीके से बढ़ता जा रहा है। यह अजीबोगरीब बीमारी 13 वर्षीय लक्ष्मण के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। आलम यह है कि इसी उम्र में लक्ष्मण के पैर का तलवा करीब डेढ़ फुट लंबा हो चुका है। इस बात का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इस आयु में जितना लंबा उसका तलवा होना चाहिए, उससे कहीं अधिक लंबा पैर का अंगूठा हो चुका है और लगातार बढ़ता ही जा रहा है।

लक्ष्मण का पैर इस कदर बढ़ चुका है कि उसकी माप का चप्पल या जूता मिलना नामुमकिन है। पैरों की उंगलियां भी अजीब तरीके से विकृत हो चुकी हैं। लिहाजा वह चाहकर भी जूता या चप्पल नहीं पहन सकता। लक्ष्मण बड़ामारा मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता भागमत मुर्मू किसान व मां आरती मुर्मू गृहणी है। लक्ष्मण की मां ने बताया कि जन्म के समय ही उसका पैर थोड़ा बड़ा था, जो उम्र बढ़ने के साथ ही तेजी से बढ़ता चला गया। स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया भी पर समुचित इलाज नहीं हो सका। लक्ष्मण कुल पांच भाई बहन है एवं परिवार की माली हालत अच्छी नहीं है। लिहाजा परिजन उसका बेहतर इलाज करवाने में सक्षम नहीं है।

लक्ष्मण मुर्मू की अजीबोगरीब बीमारी के बाबत पूछने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चाकुलिया के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ सुरेश चंद्र महतो ने कहा कि स्थानीय स्तर पर ऐसे रोग की समुचित चिकित्सा की व्यवस्था नहीं है। ऑर्थोपेडिक सर्जन द्वारा ही ऐसे रोग का इलाज किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी