माओवादी संगठन के नाम पर लेवी वसूलने वाला गिरफ्तार

माओवादियों के नाम पर रंगदारी मांगने और पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने वाले वरुण महतो उर्फ दुखु महतो पुलिस की गिरफ्त में आ गया है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 09 Nov 2018 02:05 PM (IST) Updated:Fri, 09 Nov 2018 02:05 PM (IST)
माओवादी संगठन के नाम पर लेवी वसूलने वाला गिरफ्तार
माओवादी संगठन के नाम पर लेवी वसूलने वाला गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम के सोनुवा क्षेत्र में माओवादियों के नाम पर रंगदारी मांगने और पोस्टरबाजी कर दहशत फैलाने वाले वरुण महतो उर्फ दुखु महतो पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। सोनुवा पुलिस ने वरुण को पोड़ाहाट से गिरफ्तार कर शुक्रवार को चाईबासा मंडलकारा भेजा है। 29 साल का वरुण पिछले तीन-चार साल से भाकपा माओवादी के नाम पर रंगदारी वसूलने का काम करते आ रहा है। पुलिस ने उसके पास से लावा कंपनी के दो मोबाइल और नक्सली पर्चा भी बरामद किया है।

पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक जी. क्रांति कुमार ने यहां बताया कि आठ अक्टूबर, 2018 की रात में सोनुवा के उत्क्रमित मध्य विद्यालय वृंदावन खडियामाटी में सहायक शिक्षक यशवंत प्रधान के सोनापोस स्थित आवास पर माओवादी संगठन के नाम पर पोस्टर साटा गया था और इनसे 12 लाख रुपये की मांग की गई थी। रुपये भुगतान नहीं करने पर जान से मारने एवं घर को बम से उड़ा देने की धमकी भरी चिट्ठी भी दी गई थी। माओवादी के नाम पर रंगदारी मांगने वालों ने मोबाइल फोन से भी शिक्षक को जल्द से जल्द रंगदारी के रुपये का भुगतान को किश्तों में करने को बोला। यशवंत प्रधान के लिखित आवेदन पर सोनुवा थाना में 7 नवंबर को मामला दर्ज किया गया था। कांड के अनुसंधान के क्रम में विभिन्न स्रोतों से प्राप्त सूचना के आधार पर वरुण महतो को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

लेवी देने वालों को विश्वास में लेने को पूर्व में दे देता था माओवादी बंद की सूचना

माओवादी समर्थक वरुण महतो सोनुवा, गोइलकेरा और चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में पोस्टरबाजी के जरिए झारखंड बंद का आह्वान करता था। इस वजह से उक्त थाना क्षेत्रों में प्राय: माओवादी के डर से आह्वान तिथि को बंद असरदार रहता था। जिससे वो लेवी मांगता था उसको आगामी बंद की तिथि की सूचना पूर्व में ही दे देता था, ताकि विश्वास हो जाए कि लेवी मांगने वाला असली माओवादी है। आठ अक्टूबर, 2018 को माओवादी बंद की घोषणा का सोनुवा थाना प्रभारी द्वारा खंडन किया गया तो थाना प्रभारी को ही टारगेट में ले लिया था। उसके पास से बरामद एक पर्चे व पोस्टर में लिखा है कि थाना प्रभारी ने माओवादी संगठन के झारखंड बंद का बहिष्कार किया है। थाना प्रभारी कुलदीप कुमार अब तुम हम लोगों के निशाने पर रहोगे। अंजाम कहीं भी कभी भी, लाल सलाम। इसकी पोस्टरबाजी वो एक-दो दिन में करने वाला था। इसके पूर्व भी कई लोगों से लेवी ले चुका है लेकिन डर से किसी ने थाना आकर सूचना नहीं दी। उसने पांच माह में तीन बार सोनुवा में बंद कराया है।

मोबाइल एप से लड़की व बूढ़े की आवाज बदलकर मांगता था रंगदारी

वरुण महतो रंगदारी मांगने के लिए कभी लड़की तो कभी बूढ़े की आवाज में मोबाइल से फोन करता था ताकि उसकी आवाज कोई पहचान नहीं सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि उसने अपने मोबाइल वॉयस चेंजर एप डाउनलोड कर रखी थी। इस एप के जरिए वो कभी लड़की तो कभी बुजुर्ग की आवाज में मोबाइल से रंगदारी मांगता था। पुलिस उसके पास से मोबाइल जब्त किया है। इसे जांच के लिए टेक्नीकल सेल में दिया जाएगा।

ओडिशा का सिम करता था इस्तेमाल

माओवादी के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार वरुण फर्जी सिम का इस्तेमाल करता था। जांच में पता चला है कि दोनों सिम ओडिशा के भुवनेश्वर व क्योंझर से लिए गए थे। दोनों सिम किसी लड़की के नाम पर खरीदे गए थे। सिम ओडिशा के होने के कारण पुलिस को उसे ट्रेस करने में थोड़ा समय लग गया। सिम में दर्ज नंबरों को भी खंगाला जा रहा है।

सोनुवा में बनाया है 15 लाख का मकान

वरुण मैट्रिक फेल है और पेशे से बेरोजगार है। चार-पांच साल से माओवादी समर्थक है। माओवादी संगठन के नाम पर रंगदारी के पैसे से उसने पोड़ाहाट में 15 लाख का मकान बनवाया है। उसके पास बुलेट मोटरसाइकिल भी है। एसपी ने बताया कि इसके आमदनी के स्रोत ज्ञान कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मकान व बुलेट मोटरसाइकिल को सीज करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।

सोनुवा का एक पत्रकार भी एसपी के रडार पर

सोनुवा क्षेत्र का एक पत्रकार भी माओवादी गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है। वो भी वरुण महतो के साथ मिलकर माओवादियों के झारखंड बंद को प्रसारित करने के लिए अखबारों में सूचना देता था। एसपी जी. क्रांति कुमार ने बताया कि आरोपित पत्रकार के खिलाफ सबूत एकत्रित किए जा रहे हैं। संलिप्तता की पुख्ता पुष्टि होने के बाद उसे भी कानून की जद में लाया जाएगा।

इन्हें पुरस्कृत करेंगे पुलिस अधीक्षक

1. सोनुवा थाना प्रभारी कुलदीप कुमार

2. पुलिस अवर निरीक्षक रामप्रवेश कुमार

3. पुलिस अवर निरीक्षक अजीत कुमार। 

chat bot
आपका साथी