छठ पर भय पर आस्था भारी, हर चेहरे पर दिखा उल्लास

कोरोना संक्रमण के भय पर छठ महापर्व की आस्था भारी रही। हर चेहरे पर उल्लास दिखा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 06:26 AM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 06:26 AM (IST)
छठ पर भय पर आस्था भारी, हर चेहरे पर दिखा उल्लास
छठ पर भय पर आस्था भारी, हर चेहरे पर दिखा उल्लास

जासं, सरायकेला : कोरोना संक्रमण के भय पर छठ महापर्व की आस्था भारी रही। हर चेहरे पर उल्लास दिखा। सरायकेला व सीनी में गुरुवार को उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। छठ पर्व के अंतिम दिन सुबह उगते सूरज को अ‌र्घ्य देने के लिए व्रती और उनके परिजन अपने घरों से पूजा सामग्री के साथ घाटों पर पहुंच गए थे। व्रतियों ने भगवान भास्कर को पूरी श्रद्धा के साथ गुरुवार को सुबह का अ‌र्घ्य दिया। अलग-अलग घाटों पर सुबह से ही उगते सूर्य को अ‌र्घ्य देने के श्रद्दालुओं की भीड़ उमड़ने लगी थी। जो लोग नदी और नहरों से दूर हैं, उन लोगों ने आसपास कुंड बनाकर अ‌र्घ्य दिया। अ‌र्घ्य के बाद बने प्रसाद का वितरण किया गया। मंगलवार से ही छठ करने वाली महिलाएं व्रत पर थी। अ‌र्घ्य देने के बाद महिलाओं ने अपना व्रत खोला। मंगलवार को खरना के साथ बुधवार को छठव्रती व श्रद्धालुओं ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को प्रथम अ‌र्घ्य और गुरुवार को उदयमान भगवान भस्कर को अ‌र्घ्य देकर सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। काफी संख्या में व्रती के साथ श्रद्धालु खरकाई नदी में जाकर सूर्य भगवान को अ‌र्घ्य देते है। सरायकेला में खरकाई नदी पर जगन्नाथ घाट, कुदरसाही घाट व श्मशान काली घाट समेत तीन छठ घाट है, जहां सुविधा के अनुसार छठ पूजा व्रती भगवान भास्कर का नमन करते हुए अ‌र्घ्य देती हैं। वहीं जगन्नाथ घाट में प्रकाश एवं सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई थी। वहीं सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम देखने को मिले।

----

वहीं सीनी में रेलवे के पंपू तालाब, राजा तालाब व मोहितपुर में छठ घाट है। इसमें से सबसे अधिक पंपू तालाब में व्रती एवं श्रद्धालुओं की भीड़ होती है जहां सीनी के गणमान्य व्यक्तियों के परिवार जाकर भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य देते है।

--

वहीं गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत नारायणपुर पंचायत स्थिति विजय तरण आश्रम में संजय नदी के घाट पर भीड़ रही। खरकई नदी के छट घाट हो रही भीड़ को लेकर विगत वर्षों से आदित्यपुर, गम्हरिया व कांड्रा के छट व्रति एवं श्रद्धालु सुरक्षा के मद्देनजर राम बाबा आश्रम के घाट पर छठ पूजा करने लगे है।

------------------

राजखरसावां व बड़ाबांबो में भी मनाया गया छठ का पर्व

संवाद सूत्र, खरसावां : राजखरसावां व बड़ाबांबो क्षेत्र में भी लोक आस्था का पर्व छठ धूमधाम के साथ साथ संपन्न हो गया। राजखरसावां के आमदा नया बाजार व पुराना बाजार के साथ साथ बड़ाबांबो में भी बड़ी संख्या में लोगों ने भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य दिया। यहां भी छठ पूजा करने के लिये लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।

---------------

खरसावां में मना छठ पर्व

संवाद सूत्र, खरसावां : सूर्य उपासना का महापर्व छठ खरसावां व रामगढ में श्रद्धापूर्वक संपन्न हो गया। छठ व्रतियों ने बुधवार की शाम अस्तचलगामी सूर्य व गुरुवार को उगते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। खरसावां के रामगढ़ घाट, सिंहद्वार घाट व हाई स्कूल घाट में बडी संख्या में लोगों ने भगवान को सूर्य को अ‌र्घ्य दिया। इस दौरान जम कर आतिशबाजी की। लोगों में प्रसाद का भी वितरण किया गया। अ‌र्घ्य देने के पश्चात छठ व्रत कथा का आयोजन किया गया।

छठ को लेकर उत्सव सा माहौल देखा गया। छठ पूजा देखने के लिए भी बडी संख्या में लोग पहुंचे थे। लाउड स्पीकर के जरिये दिन भर छठ गीत का प्रसारण किया गया। छठ को लेकर प्रशासन भी मुस्तैद है।

chat bot
आपका साथी