रांची में सरेराह महिला ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह

रांची के कोकर चौक पर दो बेटियों संग रेस्टोरेंट चलाने वाली महिला ने आत्‍मदाह कर लिया। पांच माह पूर्व महिला की बेटी ने भी आत्महत्या कर ली थी।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Fri, 02 Nov 2018 12:15 PM (IST) Updated:Fri, 02 Nov 2018 12:15 PM (IST)
रांची में सरेराह महिला ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह
रांची में सरेराह महिला ने केरोसिन डालकर किया आत्मदाह

रांची, जासं। राजधानी रांची में सरेशाम एक महिला के आत्मदाह की घटना के बाद शहर दहल उठा। इसे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। दरअसल सदर थाना क्षेत्र के कोकर ढेलाटोली स्थित सरोजनी इंक्लेव के गंगा ब्लॉक की रहने वाली ज्योत्सना गोराई (45) पति लालमोहन गोराई ने कोकर पेट्रोल पंप के समीप अपने शरीर पर केरोसिन डालकर आत्मदाह कर ली। घटना गुरुवार  शाम करीब सात बजे की है।

महिला के आग लगाने के बाद काफी देर तक लोग तमाशबीन बने रहे, कुछ लोग इंसानियत को तार-तार करते हुए वीडियो भी बना रहे थे। हालांकि कुछ लोग उसे बचाने के लिए दौड़े और चादर कंबल ढूंढकर उसपर ढककर बचाने की कोशिश की। हालांकि उसे नहीं बचा सके। बताया जा रहा है कि महिला ने  केरोसिन भरा गैलन डालकर आग लगा कर आत्मदाह कर लिया। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर मौके पर सदर थाने की पुलिस पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने झुलसी महिला को उठाकर रिम्स भेजा। वहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर महिला के परिजन रिम्स पहुंचे। सभी को रो-रोकर बुरा हाल था। बेटियां बेहोश हो रही थी। पुलिस के मुताबिक महिला की एक बेटी ने करीब एक वर्ष पूर्व आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से ज्योत्सना तनाव में थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

बेटी की मौत के बाद बदला था घर : मृतका के पति लालमोहन गोराई ने बताया कि करीब एक साल पहले उसकी बेटी ने भी आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से ज्योत्सना तनाव में चल रही थी। हमेशा बेटी को याद कर रोती थी। मौत के सदमे से वह नहीं उबर पा रही थी। बेटी की मौत के बाद उन्होंने घर भी बदल लिया था। पहले वे अरगोड़ा में रहते थे।

अरगोड़ा से घर बदलकर कोकर ढेलाटोली स्थित सरोजनी इंक्लेव के गंगा ब्लॉक के फ्लैट नंबर बी-3 में शिफ्ट हो गए। यह फ्लैट विरेंद्र कुमार का है। बताया जाता है कि लालमोहन की दो बेटियां और दामाद घर में रहते हैं। हाल में समधी-समधन भी आए थे। मूल रूप से वे बंगाल के रहने वाले हैं। कोकर में शिफ्ट होने के बाद कोकर चौक के समीप एक रेस्टोरेंट खोला था।

आधे घंटे से केरोसिन का गैलन लेकर घूम रही थी  : प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ज्योत्सना करीब आधे घंटे पहले से ही पेट्रोल पंप के इर्द-गिर्द घूम रही थी। सड़क किनारे खड़ी थी। इस बीच अचानक ढेला टोली जाने वाली सड़क के बीचोंबीच आत्मदाह कर लिया। उसके पास मोबाइल भी था। जिससे कॉल कर प्रत्यक्षदर्शियों ने परिजनों को जानकारी दी। इससे पहले पेट्रोल पंप के कुछ स्टाफ ने पेट्रोल पंप की अग्निशामक यंत्र लेकर आग बुझाने की कोशिश भी की। हालांकि आग बुझाने तक शरीर का आधा से ज्यादा हिस्सा जल चुका था।

महिला के रिम्स पहुंचने के बाद पहुंची एंबुलेंस : घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग और पुलिस ने एंबुलेंस को सूचना दी गई। लेकिन आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। महिला को पुलिस की गाड़ी में ही रिम्स ले जाया गया। महिला के रिम्स पहुंच जाने के बाद एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची।

chat bot
आपका साथी