चुनाव से पहले फूट जाएगा महागठबंधन का गुब्बाराः मुख्तार अब्बास नकवी

केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लफ्फाजी का पाइरेटेड लैपटॉप बताया है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Wed, 19 Sep 2018 04:23 PM (IST) Updated:Wed, 19 Sep 2018 07:20 PM (IST)
चुनाव से पहले फूट जाएगा महागठबंधन का गुब्बाराः मुख्तार अब्बास नकवी
चुनाव से पहले फूट जाएगा महागठबंधन का गुब्बाराः मुख्तार अब्बास नकवी

राज्य ब्यूरो, रांची। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय राज्यमंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लफ्फाजी का पाइरेटेड लैपटॉप बताया है। संगठन की बैठक के सिलसिले से आए नकवी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल केवल फ्रॉड और फेंक बातें ही करते हैं। नकवी ने विपक्ष के महागठबंधन को गुब्बारा बताया कहा, इस गुब्बारे की हवा चुनाव के पूर्व निकल जाएगी। इसमें किसी तरह का दम नहीं है।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि विपक्ष को भी इस बात का एहसास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता और भाजपा के समर्थकों और कार्यकर्ताओं के सामने वे खड़े नहीं हो पाएंगे। इसलिए वह हताशा-निराशा में एकजुट होकर चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और एनडीए पूर्ण बहुमत के साथ 2019 में भी जीतेगी। कहा कि पिछले 4.5 सालों में भारत का स्वाभिमान व सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है। देश की प्रगति हुई है। भाजपा लोकसभा चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिश्रम और परफॉमेंस के आधार पर लड़ेगी। इससे पूर्व भाजपा पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक में नकवी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मिशन 2019 के मद्देनजर दिए गए टास्क पर चर्चा की और इस टास्क को हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पदाधिकारियों के साथ केंद्र सरकार के विकास के आंकड़ों को भी साझा किया। महंगाई दर का जिक्र करते हुए बताया कि जब नरेंद्र मोदी से सत्ता संभाली थी तब महंगाई दर 11 प्रतिशत थी, आज चार प्रतिशत पर है। खाद्यान्न तेल की कीमतें स्थिर हैं। किसी चीज की कोई किल्लत नहीं है। किसानों को यूरिया खाद और डीजल के लिए लाइन नहीं लगानी पड़ रही है। पेट्रोल की कीमतों पर भी स्थिति स्पष्ट की। कहा, पेट्रोल की कीमतें अंतरराष्ट्रीय बाजार के कारण बढ़ी हैं, जिसे नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने कहा कि 2019 के चुनाव को लेकर हम लगातार संगठनात्मक दृष्टि से मजबूत हो रहे हैं। हमें राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार शीघ्र बूथ स्तर तक तैयारी पूर्ण करनी है। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रांची कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। 
 

chat bot
आपका साथी