झारखंड: गढ़वा में वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, एक घायल

मेराल थाना क्षेत्र के खोलरा गांव में मंगलवार की दोपहर वज्रपात की घटना में एक महिला समेत दो की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 25 Feb 2020 06:00 PM (IST) Updated:Tue, 25 Feb 2020 06:00 PM (IST)
झारखंड: गढ़वा में वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, एक घायल
झारखंड: गढ़वा में वज्रपात से महिला समेत दो की मौत, एक घायल

गढ़वा, जेएनएन। मेराल थाना क्षेत्र के खोलरा गांव में मंगलवार की दोपहर वज्रपात की घटना में एक महिला समेत दो की मौत हो गई। वहीं एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार खोलरा  गांव निवासी संतोष भुइयां की पत्नी लालती देवी 35 वर्ष  अपने पुत्र रोहित कुमार 7 वर्ष तथा गांव के ही बली चौधरी की 15 वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी के साथ घर से कुछ ही दूरी पर स्थित डुंगहा पहाड़ पर बकरी चराने गई थी।

दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक तेज बरसात होने लगी। उक्त सभी वहां से भागने का प्रयास कर ही रहे थे तभी वज्रपात की घटना घटी। जिसमें लालती देवी तथा सोनी कुमारी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं रोहित कुमार बुरी तरह घायल हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद अन्य चरवाहों ने इसकी सूचना मृतक के परिवार वालों तथा ग्रामीणों को दिया।

इसके बाद  वहां पहुंचे लोग रोहित को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराए हैं। ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना मेराल थाना तथा अंचल को दी गई। सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी रामेश्वर उपाध्याय घटनास्थल पर पहुंच आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेजे जाने की प्रक्रिया में जुटे हुए थे। इस हृदय विदारक घटना के बाद खोलरा तथा आसपास के गावें में मातम छाया हुआ है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

chat bot
आपका साथी