Coronavirus Lockdown: घर के करीब पहुंचकर सीमाओं पर क्वारंटाइन हुए हजारों लोग

Coronavirus Lockdown. पुलिस-प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर फरार भी हो रहे लोग। मंगलवार को भी देश के दूसरे प्रदेशों से लोगों की आवक जारी रही।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 01 Apr 2020 11:06 AM (IST) Updated:Wed, 01 Apr 2020 11:06 AM (IST)
Coronavirus Lockdown: घर के करीब पहुंचकर सीमाओं पर क्वारंटाइन हुए हजारों लोग
Coronavirus Lockdown: घर के करीब पहुंचकर सीमाओं पर क्वारंटाइन हुए हजारों लोग

रांची, जेएनएन। पहले लॉकडाउन और उसके बाद जिलों की सीमाओं को सील कर दिए जाने के बाद हजारों लोग अपने घर के करीब पहुंचकर भी परिजनों से नहीं मिल पा रहे हैं। सीमा क्षेत्रों पर ही उन्हें क्वारंटाइन कर दिया गया है। वहां बनाए गए अस्थाई कैंप में उनकी जांच से लेकर खाने-पीने के सारे इंतजाम किए गए हैं। इससे इतर देश के दूसरे प्रदेशों के भी हजारों लोग झारखंड की सीमाओं में फंसे हैं।

कुछ चालाकी से पुलिस-प्रशासन की आंखों में धूल झोंककर भागने में भी सफल रहे, जो बड़ी मुसीबत का सबब बन सकते हैं। मंगलवार को भी देश के दूसरे प्रदेशों से लोगों की आवक जारी रही। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के 61 मजदूरों को सोमवार की रात बड़ाबांबो सीमा पर सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने अपने आश्रय में ले लिया है। इसी तरह चेन्नई से 18 और टाटा से घर जा रहे 12 मजदूरों को सोमवार की रात रांची जिले के बुंडू प्रखंड स्थित चेकनाका पर रोक दिया गया।

सभी एक कंटेनर और एक मिनी ट्रक में सवार होकर वहां पहुंचे थे। गिरिडीह जिला प्रशासन ने जहां दूसरे राज्यों से आए 172 प्रवासी मजदूरों को जिले के विभिन्न चेकनाकाओं पर क्वारंटाइन पर रखा है, वहीं पाकुड़ जिला प्रशासन ने हिरणपुर में 46 मजदूरों को मॉडल प्लस टू विद्यालय स्थित क्वारंटाइन सेंटर में ठहराया है। इनमें से छह मौका देखकर फरार हो गए।

देवघर में 12 विदेशियों की हुई स्कैनिंग

देवघर के रिखिया आश्रम में रहने वाले 12 विदेशी नागरिकों की स्कैनिंग की गई। हालांकि किसी भी विदेशी के कोरोना से संक्रमित नहीं पाया गया। सभी को एक दूसरे से दूरी बनाकर रहते हुए होम क्वारंटाइन में रहने का निर्देश दिया गया।

ग्रामीणों ने 24 मजदूरों को पकड़ा

विशाखापट्टनम से काम कर अपने घर उत्तर प्रदेश लौट रहे 24 मजदूरों को सरायकेला खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र के खूंटी में ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने करीब डेढ़ घंटे तक उन्हें कब्जे में रखा। सभी चौका थाना के पास पुलिस चेकिंग से बचने के उद्देश्य से गांव के रास्ते भागने की कोशिश कर रहे थे।

रांची से पाकुड़ गए 400 से अधिक मजदूर क्वारंटाइन

रांची से छह जिलों की सीमा लांघकर पाकुड़ पहुंचे 400 से अधिक मजदूरों को पाकुड़ में 14 दिनों के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है। मंत्री आलमगीर आलम के निर्देश पर इन्हें रांची जिला प्रशासन ने रवाना किया था। फिलहाल बंदिश के बावजूद पाकुड़ पहुंचे लोग पुलिस की देखरेख में हैं। उनके रहने व दवा का इंतजाम भी किया गया है। इन मजदूरों में पश्चिम बंगाल, पाकुड़ व बड़हड़वा के मजदूर ज्यादा हैं। मजदूरों को कोई परेशानी न हो, इसकी मानीटरिंग पाकुड़ के एसपी राजीव रंजन खुद कर रहे हैं।

उन्होंने क्वारंटाइन कैंप की सुरक्षा में तैनात जवानों को भी सख्त हिदायत दे रखी है कि कोई भी मजदूर 14 दिनों के भीतर कैंप छोड़कर नहीं जाएगा। जिन 400 से अधिक मजदूरों को पाकुड़ में क्वारंटाइन किया गया है, ये मजदूर रांची से बस से चले और रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका होते हुए पाकुड़ तक पहुंच गए, लेकिन उन्हें रोकने की जहमत किसी ने नहीं उठाई। अंतत: उन्हें पाकुड़ में ही रोका जा सका।

chat bot
आपका साथी