रांची में लगेगा दस हजार तीरंदाजों का जमावड़ा

भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा व केंद्रीय खेल मंत्रालय के सहयोग से रांची में मेगा तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके लिए अर्जुन मुंडा ने पहल की है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 05 Oct 2020 01:34 AM (IST) Updated:Mon, 05 Oct 2020 01:34 AM (IST)
रांची में लगेगा दस हजार तीरंदाजों का जमावड़ा
रांची में लगेगा दस हजार तीरंदाजों का जमावड़ा

जागरण संवाददाता, रांची : भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा व केंद्रीय खेल मंत्रालय के सहयोग से रांची में मेगा तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में देश भर के सभी जिलों से लगभग दस हजार प्रतिभागी भाग लेंगे। इसके साथ ही विदेशों से खेल सामग्री मंगाने पर किसी प्रकार का टैक्स नहीं लिया जाएगा इसका भी प्रयास किया जा रहा है।

रविवार को द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित धर्मेद्र तिवारी को सम्मानित करने के बाद केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा अपनी बात रख रहे थे। उन्होंने कहा कि इस समारोह को भी भव्य तरीके से आयोजित करने की इच्छा थी, लेकिन कोरोना के कारण साधारण तरीके से आयोजित किया गया।

कहा कि पिछले जुलाई को ही रांची में तीरंदाजी प्रतियोगिता आयोजित करना था, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण खेल गतिविधियां ठप होने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा। अब जब खेल का माहौल एक बार फिर बनने लगा है तो ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि जल्द ही इसका आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विदेशों से खेल सामग्री मंगाने पर आयात शुल्क इतना लग जाता है कि भारत आते-आते उस सामग्री की कीमत काफी अधिक हो जाती है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को पत्र लिखकर इस दिशा में पहल करने को कहा गया है ताकि खेल सामग्री पर किसी तरह का टैक्स नहीं लगे। इस मौके पर दिनेश कुमार, सुमन चंद मोहंती, उपाध्यक्ष झारखंड तीरंदाजी संघ, पूर्णिमा महतो, सचिव, झारखंड तीरंदाजी संघ, हरेंद्र कुमार सिंह, बी श्रीनिवास राव अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षक, उदय प्रताप सिंह, देव प्रभा मंडल आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी