इनामी नक्सली अरविंद और सुधाकरण को घेरने की तैयारी

नक्सली अरविंद व सुधाकरण पर सरकार ने एक करोड़ का इनाम रखा है।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Fri, 03 Nov 2017 12:03 PM (IST) Updated:Fri, 03 Nov 2017 03:14 PM (IST)
इनामी नक्सली अरविंद और सुधाकरण को घेरने की तैयारी
इनामी नक्सली अरविंद और सुधाकरण को घेरने की तैयारी

जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड के पश्चिम सिंहभूम में 25 लाख के इनामी नक्सली संदीप दा उर्फ संदीप सोरेन उर्फ मोतीलाल सोरेन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस का अगला निशाना कुख्यात अरविंद जी व सुधाकरण हैं। दोनों ही हार्ड कोर नक्सली हैं। इन पर सरकार ने एक करोड़ का इनाम रखा है।

कर्रा में दो दिन पूर्व पीएलएफआइ (पीपुल्स लिबरेशन फ्रं ट ऑफ इंडिया) के कुख्यात एरिया कमांडर मैना गोप सहित चार उग्रवादियों को मुठभेड़ में मार गिराने के बाद पुलिस का हौसला बुलंद है और निर्णायक लड़ाई की तैयारी है।

झारखंड पुलिस अपने पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर इन नक्सलियों के खिलाफ अभियान की रूपरेखा तैयार कर ली है। एक करोड़ के इनामी व घने जंगलों से घिरे बूढ़ा पहाड़ क्षेत्र को ठिकाना बना चुके देव कुमार सिंह उर्फ अरविंद उर्फ विकास उर्फ श्रवण उर्फ निशांत उर्फ सुजीत के अलावा सुधाकर रेडडी उर्फ सुधाकरण को घेरने की तैयारी शुरू हो गई है।

एक तरफ डीजीपी डीके पांडेय ने जहां रांची के चुटिया थाने में दर्ज सुधाकर रेड्डी उर्फ सुधाकरण के भाई व सहयोगी के खिलाफ मामले की जांच के लिए राष्ट्रीय जांच एजेंसी को अनुशंसा की है, वहीं दूसरी ओर उनकी पुलिस भी जंगलों में इन कुख्यात नक्सलियों की टोह में घुसी हुई है।

कुख्यात नक्सलियों की चौतरफा घेराबंदी के लिए झारखंड पुलिस ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ व बिहार के पुलिस अधिकारियों के अलावा आयकर, इंटेलिजेंस ब्यूरो, एनआइए व प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों के साथ योजना बनाई थी। इसमें नक्सलियों व उग्रवादियों की संपत्ति को जब्त करने से लेकर, उन्हें घेरने की योजना बनी थी।

नक्सली कमांडर भीखन का बंगला जब्त

हजारीबाग : केरेडारी के हेंदेगीर में हुई मुठभेड़ में नामजद नक्सली संगठन टीएसपीसी के जोनल कमांडर भीखन गंझू का रामनगर कदमा स्थित आलीशान बंगला पुलिस ने सील कर दिया है। एक साल के अंदर हार्ड कोर टीएसपीसी नक्सलियों का यह दूसरा घर है जिसे पुलिस ने जब्त किया है। इससे पूर्व कोहराम गंझू का रामनगर कदमा स्थित घर को सील किया गया था। पुलिस के विशेषज्ञों ने आलीशान बंगले की कीमत एक करोड़ रुपये आंकी है।

झारखंड की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी