झारखंड में आगामी चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी कांग्रेस

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा है कि आगामी चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलजुल कर लड़ेंगे।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Mon, 23 Apr 2018 10:56 AM (IST) Updated:Mon, 23 Apr 2018 12:17 PM (IST)
झारखंड में आगामी चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी कांग्रेस
झारखंड में आगामी चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलकर लड़ेगी कांग्रेस

राब्यू/जासं, रांची/देवघर। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा है कि लोकसभा व विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रदेश में गठबंधन करने की सोच रही है। उम्मीद है कि आगामी चुनाव सहयोगी दलों के साथ मिलजुल कर लड़ेंगे। उन्होंने निकाय चुनाव में हार को स्वीकार करते हुए कहा कि इसमें सीखने को काफी कुछ मिला है। भले ही कांग्रेस की हार हुई है, लेकिन हम निराश नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्र में लोकसभा चुनाव की तुलना में पार्टी का वोट प्रतिशत लगभग दोगुना हुआ है। नौ जगहों पर पार्टी को जीत मिली है तो 26 सीट पर कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही है। इस बार के चुनाव में गठबंधन सिर्फ इसलिए नहीं हुआ, ताकि सभी पार्टी अपनी जमीनी हकीकत जानें और आगे उसी मुताबिक रणनीति बनाई जाए। अब प्रदेश में पार्टी का फोकस संगठन को मजबूत करने पर रहेगा। संगठन को बूथ स्तर पर तैयार करने पर फोकस किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मैं खुद हर जिले में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलूंगा और जमीनी हकीकत को जानने का प्रयास करूंगा।

भविष्य में पार्टी का टिकट उन्हीं को मिलेगा जो कार्यकर्ताओं की पसंद होंगे। उन्होंने मांग की कि प्रदेश में होल्डिंग टैक्स को सरकार 50 प्रतिशत कम करे ताकि जनता को राहत मिल सके। वहीं, देवघर में पानी की संकट को दूर करने की मांग करते हुए सिंह ने कहा कि इसके लिए स्थानीय स्तर पर पार्टी आंदोलन करेगी। उन्होंने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ये जुमलों, झूठे वादों की सरकार है। भ्रष्टाचार मोदी सरकार के कार्यकाल में बढ़ा है। पार्टी के कई नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं, लेकिन प्रधानमंत्री को ये नजर नहीं आ रहा। 

chat bot
आपका साथी