सिल्ली व गोमिया से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य सीमा देवी व बबीता देवी ने ली शपथ

सिल्ली और गोमिया से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य सीमा देवी और बबिता देवी को विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने शपथ दिलाई।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Tue, 05 Jun 2018 11:36 AM (IST) Updated:Tue, 05 Jun 2018 02:42 PM (IST)
सिल्ली व गोमिया से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य सीमा देवी व बबीता देवी ने ली शपथ
सिल्ली व गोमिया से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य सीमा देवी व बबीता देवी ने ली शपथ

रांची, जेएनएन। सिल्ली और गोमिया से नवनिर्वाचित विधानसभा सदस्य सीमा देवी और बबिता देवी ने मंगलवार को शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने उन्हें अपने कक्ष में शपथ दिलाई। दोनों विधानसभा क्षेत्रों के निवार्ची पदाधिकारियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद विधानसभा अध्यक्ष ने शपथ ग्रहण की तिथि निर्धारित की है। 

विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव के साथ सीमा देवी और बबिता देवी।

इन सीटों पर हुआ था उपचुनाव
गौरतलब है कि झारखंड की दो विधानसभा सीटों सिल्ली और गोमिया पर हुए उपचुनाव में झामुमो ने दोनों सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा था। गुरुवार को हुई मतगणना में सिल्ली से झामुमो की सीमा देवी तथा गोमिया से इसी दल की बबीता देवी को जीत मिली। शानदार जीत हासिल करने वाली दोनों महिलाएं आपराधिक मामलों में अपनी सदस्यता खोने वाले क्रमश: अमित महतो तथा योगेंद्र प्रसाद की पत्नियां हैं। सिल्ली में पूर्व उप मुख्यमंत्री सह आजसू प्रमुख सुदेश महतो फिर से हार गए। जबकि गोमिया में भाजपा तीसरे स्थान पर चली गई। सिल्ली में झामुमो की सीमा देवी ने आजसू के सुदेश महतो को 13,510 मतों से हराया।

सीमा को कुल 77,129 वोट मिले, जबकि सुदेश को 63,619 मतों से संतोष करना पड़ा। गोमिया में झामुमो की बबीता देवी ने आजसू के ही लंबोदर महतो को रोमांचक मुकाबले में 1,344 मतों से हराया। दोनों को क्रमश: 60,551 तथा 59,207 वोट मिले। भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह यहां तीसरे स्थान पर रहे जिन्हें कुल 42,055 वोट मिले।

विपक्षी एकता का फार्मूला
उपचुनाव में विपक्षी एकता का फार्मूला काम कर गया और झामुमो अपनी दोनों सीटें बचाने में सफल रहा। 2014 के विधानसभा चुनाव में सिल्ली से झामुमो के अमित महतो ने आजसू के सुदेश महतो तथा गोमिया से झामुमो के ही योगेंद्र प्रसाद ने भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह को हराया था।

विपक्षी दलों का झामुमो को समर्थन
इस उपचुनाव में कांग्रेस, झाविमो, राजद सहित तमाम विपक्षी दलों ने झामुमो को समर्थन दिया था। सिल्ली में भाजपा ने आजसू को समर्थन देते हुए अपना प्रत्याशी खड़ा नहीं किया था, जबकि गोमिया में झामुमो के अलावा भाजपा और आजसू दोनों के प्रत्याशी चुनावी दंगल में थे।

जानिए क्यों हुए थे उपचुनाव
कोयला चोरी के एक मामले में योगेंद्र प्रसाद को सजा होने से गोमिया विधानसभा सीट तथा अंचलाधिकारी के साथ मारपीट के मामले में अमित महतो को सजा होने से सिल्ली विधानसभा सीट रिक्त हो गई थी। गोमिया सीट 31 जनवरी तथा सिल्ली सीट 23 मार्च की तिथि से रिक्त थी।

किसे मिले कितने वोट
(प्रथम तीन स्थान)
सिल्ली विस सीट
-सीमा महतो, झामुमो : 77,129
-सुदेश महतो, आजसू : 63,619
नोटा : 2537

गोमिया विस सीट
-बबीता देवी, झामुमो : 60,551
-लंबोदर महतो, आजसू : 59,207
-माधवलाल सिंह, भाजपा : 42,037

chat bot
आपका साथी