लालू से मिले तेजस्वी, रघुवंश सिंह और शिवानंद तिवारी ने भी पूछा कुशल क्षेम
चारा घोटाले के चार मामलों के सजायाफ्ता लालू प्रसाद यादव से मिलने राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह रांची के रिम्स पहुंचे हैं। उनकी लालू से मुलाकात जारी है।
रांची, जासं। झारखंड हाई कोर्ट से देवघर कोषागार मामले में जमानत मिलने के बाद पुराने रंग में नजर आ रहे चारा घोटाला के चार मामलों के सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो से मिलने उनके छोटे बेटे तेजस्वी यादव रिम्स पहुंचे हैं। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी ने भी लालू से मुलाकात की। लालू के करीबी भोला यादव भी रिम्स पहुंचे, लेकिन जेल प्रशासन की ओर से उन्हें लालू से मिलने से रोक दिया गया। रांची के रिम्स पेइंग वार्ड में अभी तेजस्वी की लालू से मुलाकात चल रही है। हैं।
मजबूती से लड़ेंगे कानूनी लड़ाई, बिहार की नीतीश सरकार पर करीबी नजर
लालू से मिलने के बाद रघुवंश प्रसाद सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लालू प्रसाद यादव की तबीयत में अब पहले के मुकाबले सुधार है। उनका शूगर और बीपी सब नॉर्मल है। चारा घोटाले के देवघर मामले में बेल मिलने पर खुशी जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में हम और मजबूती से कानूनी लड़ाई लड़ेंगे। जल्द ही लालू प्रसाद यादव जेल से बाहर निकलेंगे। लालू से हुई राजनीतिक बातों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने हिदायत दी है कि पार्टी को संगठित रखा जाए। भाजपा के खिलाफ पूरी मजबूती से देशभर में लड़ाई लड़ी जाए।
झारखंड में नवंबर दिसंबर में हाेने वाले विधानसभा चुनाव पर रघुवंश सिंह ने कहा कि राजद महागठबंधन में रहकर चुनाव लड़ेगा। भाजपा के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करते हुए वोटो का बंटवारा न हो इस पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लालू ने बिहार की जनता की समस्या, चरमरा रही विधि व्यवस्था पर लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने की नसीहत दी। इसके लिए संगठन को दुरुस्त किया जाएगा। लालू से मुलाकात को लेकर तीन लोगों की बंदिश पर भोला यादव के बिरसा मुंडा जेल प्रशासन द्वारा जेल मैनुअल का उल्लंघन करने के आरोपों पर कहा कि जेल प्रशासन और सरकार जबर्दस्ती कर रही है। बिहार में नीतीश सरकार द्वारा आरएसस की जासूसी का आरोप पर कहा कि नीतीश कुमार जांच का दिखावा कर रहे हैं। खुफिया विभाग बिना उनके आदेश के सक्रिय नहीं हुआ है। बिहार में नया समीकरण बनाने को खारिज करते हुए कहा कि गैर भाजपा दलों को एकजुट करना ही राजद का मकसद है।
राजद के वरिष्ठ नेता शिवानंद तिवारी ने बिहार के ताजा राजनीतिक हालातों पर कहा कि राजद वेट एंड वॉच कर रहा है। भाजपा-जदयू गठबंधन में आई खटास पर कहा कि परिस्थिति के हिसाब से पार्टी फैसला करेगी। उन्होंने बिहार-झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनावों पर कहा कि हम दोनों प्रदेशों में पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेंगे। झारखंड में पार्टी के दो धड़ों में बंटने पर कहा कि जिसके हाथ में लालटेन है, वही ऑरिजनल पार्टी है।
राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह सुबह दस बजे पटना हटिया एक्सप्रेस ट्रेन से रांची पहुंचे हैं। इस बीच लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव सुबह करीब दस बजे अपने पिता से मिलने रांची एयरपोर्ट पहुंचे। वे यहां से रिम्स में अपनी बीमारियों का इलाज करा रहे पिता लालू प्रसाद से मुलाकात करने आए हैं। तेजस्वी झारखंड प्रदेश राजद कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की एक बैठक भी करेंगे। इधर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के बेहद खास माने जाने वाले भोला यादव भी लालू से मुलाकात के लिए रिम्स पहुंचे हैं। जेल मैनुअल के हिसाब से शनिवार लालू से तीन लोगों की मुलाकात का दिन होता है।