रिम्स प्रबंधन ने तैयार किया है लालू के डाइट चार्ट

लालू प्रसाद को रिम्स में खाने में सप्ताह में दो दिन चिकेन (मुर्गा) या मछली मिलेगी। उनसे राय लेकर ही दिन तय किया जाएगा।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Sat, 05 May 2018 12:43 PM (IST) Updated:Sat, 05 May 2018 12:43 PM (IST)
रिम्स प्रबंधन ने तैयार किया है लालू के डाइट चार्ट
रिम्स प्रबंधन ने तैयार किया है लालू के डाइट चार्ट

रांची, जागरण संवाददाता। लालू प्रसाद को रिम्स में खाने में सप्ताह में दो दिन चिकेन (मुर्गा) या मछली मिलेगी। उनसे राय लेकर ही दिन तय किया जाएगा। लेकिन जिस दिन मुर्गा या मछली मिलेगी, उस दिन उन्हें अंडा एवं पनीर नहीं दिया जाएगा। उनके लिए रिम्स प्रबंधन ने डाइट चार्ट तैयार कर लिया है।

इसमें खाने से लेकर सोने तक का समय निर्धारित है। चार्ट उनके एम्स के डाइट चार्ट को आधार बनाकर तैयार किया गया है। एम्स ने अपने चार्ट में स्पष्ट निर्देश दिया है कि रोज 40-50 मिनट तक सैर पर जाएं। लेकिन इस निर्देश का अनुपालन यहां लगभग नहीं हो पा रहा है। लालू प्रसाद की सुरक्षा काफी सख्त है। वे छोटे से कमरे में इलाजरत हैं। कमरे में पहुंचने वाले कर्मी एवं कुछ विशेषज्ञों के अनुसार वे अक्सर सोए एवं बैठे मिलते हैं।

शुगर लेवल बढ़ने या फिर पैर में सूजन का यह भी कारण हो सकता है। एम्स के चार्ट के अनुसार सुबह में चाय या दूध, नाश्ता में ब्राउन ब्रेड/ दलिया / रोटी एवं सब्जी/ पोहा/ उपमा/ ओट्स एवं 2 पीस उबला अंडा है। यह सुबह 8 से 8.30 बजे तक दे देना है। 10 से 10.30 तक दलिया एक कटोरी एवं दूध एक कप देना है। दोपहर के भोजन में सलाद, रोटी, दाल,सब्जी, दही आदि है। शाम में एक फल देना है। रात के भोजन में सलाद, रोटी, दाल, सब्जी/ चिकेन / मछली दो पीस है।

रिम्स प्रबंधन ने भी इसी को आधार बनाकर चार्ट बनाया है। इसमें सुबह छह बजे ही उन्हें चाय के साथ बिस्किट दे दिया जाएगा। सुबह 8 से 9 बीच दो पीस ब्रेड या सैंडविच, एक कटोरी प्लेन दलिया/ रोटी दो पीस, सब्जी एक कटोरी/ ओट्स एक कटोरी एवं दो पीस अंडा(पीला भाग हटाकर) दिया जाएगा।

10 से 11 के बीच सेव/ अमरूद/ पपीता दिया जाएगा। 12 से 1 बजे के बीच उन्हें लंच दिया जाएगा। इसमें रोटी , दाल ,सब्जी , भुजिया, दही, सलाद आदि दिया जाएगा। चार बजे भूना चना, अंकुरा मूंग एवं चाय दी जाएगी। वहीं शाम सात बजे डिनर में रोटी, दाल, सब्जी, भुजिया सलाद तथा रात्रि 9 बजे पोस्ट डिनर में बिना शुगर वाला जूस दिया जाएगा। 

chat bot
आपका साथी