Ranchi Godda Special Train: रांची से गोड्डा के बीच 29 से चलेगी नई त्रिसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, 11 स्टेशनों पर रुकेगी
Ranchi Godda Special Train Railway Updates स्पेशल ट्रेन का नियमित परिचालन रांची से 30 सितंबर एवं गोड्डा से एक अक्टूबर से होगा। रांची से गोड्डा के बीच यह ट्रेन 11 स्थानों पर रुकेगी। 30 सितंबर से यह नियमित रूप से चलेगी।
रांची, जासं। रेल मंत्रालय की ओर से 29 सितंबर से रांची-गोड्डा के बीच नई त्रिसाप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का परिचालन किया जाएगा। इस ट्रेन के लिए टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। रांची से गोड्डा के बीच कुल 11 स्टेशनों पर यह ट्रेन रुकेगी। 08604 गोड्डा-रांची स्पेशल ट्रेन 29 सितंबर को गोड्डा से उद्घाटन के पश्चात दोपहर 13:15 बजे प्रस्थान करेगी। स्पेशल ट्रेन का नियमित परिचालन रांची से 30 सितंबर एवं गोड्डा से एक अक्टूबर से होगा।
यह ट्रेन प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार एवं शनिवार को रांची से दिन के तीन बजे प्रस्थान करने के बाद मुरी 4:10 बजे पहुंचेगी। ट्रेन मुरी से 4:12 बजे, बोकारो स्टील सिटी से 5:30, धनबाद से 7:10, जसीडीह से 9:57, जमुई से रात के 11:15, किउल से रात के 12:25 बजे, भागलपुर से 3:35, बाराहाट से 4:30 बजे सुबह, मांडर हिल से 4:54 बजे, हंसडीह से 5:55 बजे सुबह, पोड़ैयाहाट से 6:25 बजे प्रस्थान करते हुए गोड्डा सुबह 7:20 बजे पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 08604 गोड्डा-रांची त्रि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन एक अक्टूबर से प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार एवं रविवार गोड्डा से प्रस्थान करेगी।
गोड्डा 12:40 बजे प्रस्थान करने के बाद पोड़ैयाहाट से दिन के 1:07 बजे, हंसडीह से 2:02 बजे, मांडर हिल से 2:34 बजे, बाराहाट से 2:58 बजे, भागलपुर से 5:05 बजे, किउल से 7:50 बजे, जमुई से 8:15 बजे, जसीडीह से 9:57 बजे, धनबाद से रात के 1:20 बजे, बोकारो स्टील सिटी से 3:15 बजे, मुरी से 4:20 बजे प्रस्थान करते हुए सुबह 5:45 बजे रांची पहुंचेगी।
आरपीएफ ने चलाया जागरूकता अभियान
रांची रेल मंडल के सुरक्षा और संरक्षा विभाग की ओर से रेलवे क्रासिंग नंबर एचबी-24 गोविंदपुर रोड में नागरिक सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बताया गया कि मानव रहित रेलवे फाटक पार करते समय लोग अपनी ही लापरवाही से जान गवां बैठते हैं। क्रासिंग पर सावधानी से पार करने को लेकर जागरूक किया गया। उपेक्षापूर्वक रेल क्रासिंग पार करने, रेल सेवकों के निर्देशों की अवहेलना पर रेल अधिनियम के अंतर्गत दंड का प्रविधान है। सिविल डिफेंस के जवानों द्वारा रेल क्रासिंग पर एकत्रित नागरिकों के बीच पंपलेट बांट कर जागरूक किया गया।