गैरों ने नहीं, अपनों ने ही छला किशोरी को, रांची की बेटी की बुलंदशहर में लगी 80 हजार में बोली

चार दिन पूर्व रांची के नगड़ी से बेचने के लिए लाई गई जिस किशोरी को पुलिस ने बुलंदशहर में बरामद किया है उसे यहां लाकर सौदा करने में उसकी मौसी का ही हाथ था। अधेड़ को 80 हजार में बेचा

By Edited By: Publish:Tue, 07 Jan 2020 06:45 AM (IST) Updated:Tue, 07 Jan 2020 08:50 AM (IST)
गैरों ने नहीं, अपनों ने ही छला किशोरी को, रांची की बेटी की बुलंदशहर में लगी 80 हजार में बोली
गैरों ने नहीं, अपनों ने ही छला किशोरी को, रांची की बेटी की बुलंदशहर में लगी 80 हजार में बोली

रांची, जेएनएन। रांची की बेटी को उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में बेचने के लिए बोली लगाई गई। 80 हजार रुपये में सरेआम बिक रही किशोरी को बचाते हुए पुलिस ने सात लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है। किशोरी की उम्र महज 16 वर्ष है। वह रांची के नगड़ी इलाके की रहने वाली है।  बताया जा रहा है कि किशोरी को बेचने में अपनों का हाथ रहा। चार दिन पूर्व रांची से बेचने के लिए उसे बुलंदशहर भेजा गया था। वहां सौदा करने उसकी मौसी ही उसे लेकर आई थी। पुलिस ने मौसी समेत सात को जेल तो भेज दिया, लेकिन सूचना के बाद भी माता-पिता व परिजन बच्ची को लेने नहीं पहुंचे। यूपी पुलिस अब नाबालिग पीडि़ता को रांची भेजकर परिजनों के सुपुर्द करेगी।

बता दें कि शुक्रवार को बुलंदशहर के अहमदगढ़ क्षेत्र के नौरंगाबाद गांव स्थित एक घर में रांची से एक महिला किशोरी को लेकर पहुंची थी। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि इस किशोरी को गांव के ही एक अविवाहित अधेड़ को 80 हजार रुपये में बेचा जा रहा है। पुलिस ने छापेमारी कर दो महिलाओं सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि किशोरी को लाने वाली महिला उसकी मौसी है। किशोरी से पूछताछ के बाद उसके परिजनों को भी सूचना दी, लेकिन सोमवार शाम तक कोई उसे लेने नहीं पहुंचा। पुलिस की एक टीम किशोरी को लेकर रांची जाएगी और उसे परिजनों को सौंपेगी। मेडिकल कराने के बाद अभी किशोरी को महिला अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। 

इन लोगों की हुई गिरफ्तारी

मौके से पुलिस ने रांची के गांव पिस्का नगड़ी नारो बस्ती निवासी पीडि़ता की मौसी कलावती समेत बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर के मोहल्ला विवेक विहार निवासी राजेश देवी, उसका पति धीरेंद्र, थाना औरंगाबाद क्षेत्र के गांव गंगा हारी निवासी जितेंद्र पुत्र रामभूल ङ्क्षसह प्रकाश, इंदर ङ्क्षसह पुत्रगण मुमराज, थाना अहमदगढ़ क्षेत्र के गांव नौरंगाबाद निवासी महेंद्र पुत्र रामप्रसाद को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से 10 हजार रुपये भी बरामद हुए। 

अहमदगढ़ क्षेत्र से बरामद की गई किशोरी की मेडिकल जांच कराई गई है। उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। किशोरी को ले जाने के लिए कोई नहीं आया है। अब पुलिस किशोरी को कोर्ट में पेश करेगी। इसके बाद उसे घर छोड़कर आएगी।  संतोष कुमार, एसएसपी।

chat bot
आपका साथी