Ram Mandir News: कांग्रेसी भी करेंगे श्रीराम का जयघोष, लेंगे रामराज की स्थापना का संकल्प

Ram Mandir News श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर के शिलान्यास के अवसर पर सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी के जिला व प्रखंड कार्यालय में दीपक जलाकर मिठाई आदि बाटेंगे।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 11:59 AM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 12:01 PM (IST)
Ram Mandir News: कांग्रेसी भी करेंगे श्रीराम का जयघोष, लेंगे रामराज की स्थापना का संकल्प
Ram Mandir News: कांग्रेसी भी करेंगे श्रीराम का जयघोष, लेंगे रामराज की स्थापना का संकल्प

कोडरमा, जासं। श्रीराम जन्मभूमि अयोध्या में राम मंदिर की स्थापना को लेकर भूमि पूजन के अवसर पर श्रीराम का जयघोष करने में कांग्रेस पार्टी भी पीछे नहीं रहेगी। कांग्रेस पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इस संबंध में सभी जिलों को इस दिशानिर्देश का पत्र जारी किया हैं। पत्र में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम के प्रति पूर्ण आस्था रखती है।

पत्र में झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव के निर्देश का हवाला देते हुए कहा गया है कि श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर के शिलान्यास के अवसर पर दिनांक 5. 8.2020 सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता पार्टी के जिला व प्रखंड कार्यालय में दीपक जलाकर मिठाई आदि बाटेंगे और रामराज की स्थापना का संकल्प लेंगे।

पत्र में यह भी कहा गया है कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के शासनकाल में ही अयोध्या में राम मंदिर का ताला खुलवा कर वहां साधु-संतों के द्वारा भूमि पूजन एवं शिलान्यास का कार्य किया जा चुका है। इधर पार्टी के निर्देश के आलोक में कोडरमा जिले के कांग्रेसी कार्यकर्ता पूरे जोर-शोर से इस पल को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी में जुट गए हैं।

कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता जिला व सभी प्रखंडों में आज शाम को दीपक जला कर व मिठाई बांटकर जश्न मनाएंगे और देश में राम राज्य की स्थापना का संकल्प लेंगे।

कांग्रेस कार्यालयों में दीपोत्सव

बुधवार को कांग्रेस कार्यालयों में दीपोत्सव के लिए कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। शाम साढ़े छह बजे प्रदेश मुख्यालय में अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव दीप जलाएंगे और लगभग इसी वक्त सभी जिलों में जिलाअध्यक्ष दीप जलाएंगे। प्रखंड कार्यालयों में भी इसी प्रकार दीप जलाए जाएंगे।

कांग्रेस मानती है राम और रामराज्य के सिद्धांतों को : रामेश्वर उरांव

झारखंड के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि कांग्रेस शुरू से ही राम और रामराज्य के सिद्धांतों को मानती रही है। कांग्रेस का गठन करनेवाले महात्मा गांधी अपने जीवनकाल में नियमित तौर पर रघुपति राघव राजा राम का गायन करते थे। देश में रामराज्य की स्थापना का संकल्प भी लिया था। बाद में अन्य नेताओं ने भी इस श्रृंखला को आगे बढ़ाया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और पीवी नरिसम्हा राव का योगदान मंदिर निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण है।

कांग्रेस सदैव मंदिर निर्माण के पक्ष में रही है लेकिन अभी का वक्त इसके लिए योग्य नहीं था। देश में बड़ी संख्या में लोग कोरोना से संक्रमित हो रहे हैं। ऐसे में धूमधाम के साथ कोई आयोजन करना उचित नहीं है। मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन करनेवाले पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को निमंत्रण नहीं दिया जाना किसी भी स्थिति में बेहतर निर्णय नहीं माना जा सकता है। इन दोनों नेताओं के बगैर यह कार्यक्रम सूना लगेगा।

chat bot
आपका साथी