International Yoga Day 2019: रांची का प्रभात तारा मैदान करेगा पीएम मोदी की मेजबानी

International Yoga Day का मुख्य कार्यक्रम इस बार रांची के प्रभात तारा मैदान में होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। झारखंड में इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Tue, 04 Jun 2019 10:01 AM (IST) Updated:Tue, 04 Jun 2019 11:47 AM (IST)
International Yoga Day 2019: रांची का प्रभात तारा मैदान करेगा पीएम मोदी की मेजबानी
International Yoga Day 2019: रांची का प्रभात तारा मैदान करेगा पीएम मोदी की मेजबानी

रांची, राज्य ब्यूरो। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस  (International Yoga Day)  के अवसर पर 21 जून को मुख्य कार्यक्रम रांची के प्रभात तारा मैदान में होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम और प्रधानमंत्री के आगमन की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के सचिव राजेश कोटेचा, मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी, स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. सुनील कुमार वर्णवाल उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने तैयारियों के बाबत अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए।

बता दें कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम रांची के प्रभात तारा मैदान में आयोजित होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री डा. हर्षवर्धन और आयुष राज्यमंत्री श्रीपद नाइक भी मौजूद रहेंगे। इससे पूर्व स्वास्थ्य विभाग के सचिव डॉ. नितिन मदन कुलकर्णी ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के कार्यक्रम की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए आयुष मंत्रालय ने नई दिल्ली, शिमला, मैसूर, अहमदाबाद और रांची का चयन मुख्य कार्यक्रम के लिए किया था, जिसमें प्रधानमंत्री को शिरकत करनी थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने अंतिम रूप से इस महती आयोजन के लिए रांची का चयन किया।

2014 में संयुक्त राष्ट्र संघ ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक रूप से मनाने के आह्वान के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। इसका पहला समारोह 2015 में नई दिल्ली में, दूसरा समारोह 2016 में चंडीगढ़ में, 2017 में तीसरा समारोह लखनऊ में और पिछले साल इसका आयोजन देहरादून में किया गया था। इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) का मुख्य कार्यक्रम इस बार झारखंड की राजधानी रांची में होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मौजूद रहेंगे। मोदी के दूसरी बार प्रधानमंत्री बनने का बाद सरकार का यह पहला बड़ा आयोजन होगा।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी