Positive India: नक्सल इलाकों में पहुंचा रहे भोजन, मुस्लिम लड़कियां तैयार कर रहीं मास्क

Positive India झारखंड की सबसे बड़ी स्वयंसेवी संस्था विकास भारती के हजारों कार्यकर्ता गांवों में कोरोना से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक कर रहे हैं..

By Alok ShahiEdited By: Publish:Wed, 08 Apr 2020 11:22 PM (IST) Updated:Thu, 09 Apr 2020 07:22 AM (IST)
Positive India: नक्सल इलाकों में पहुंचा रहे भोजन, मुस्लिम लड़कियां तैयार कर रहीं मास्क
Positive India: नक्सल इलाकों में पहुंचा रहे भोजन, मुस्लिम लड़कियां तैयार कर रहीं मास्क

रांची, [संजय कुमार]। Positive India कोरोना वायरस जैसी महामारी से शहर से लेकर गांवों तक के लोग परेशान हैं। शहरों में स्वयंसेवी संस्थाएं तो सक्रिय हैं लेकिन गांव-गांव पहुंचना इनके बस की बात नहीं। संकट की इस घड़ी में गांवों की मदद करने के लिए झारखंड की सबसे बड़ी स्वयंसेवी संस्थाओं में से एक विकास भारती बिशुनपुर के कार्यकर्ता जी-जान से जुटे हैं। सुदूर ग्रामीण इलाकों और नक्सल प्रभावित गांवों में कार्यकर्ता भोजन पहुंचा रहे हैं। साथ ही लोगों तक मास्क व सैनिटाइजर भी पहुंचाया जा रहा है। मुस्लिम लड़कियां मास्क तैयार करने में तत्परता से जुटी हैं। विकास भारती के 5000 कार्यकर्ता दिन-रात जरूरतमंदों की सेवा में जुटे हैं। उन्हें कोरोना से लड़ाई के तरीके बता रहे हैं। संस्था के सचिव पद्मश्री अशोक भगत स्वयं कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। इस संस्था के कार्य को देखने के लिए इस वर्ष फरवरी माह में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी गुमला जिले के बिशुनपुर आए थे। 

विकास भारती बिशुनपुर का झारखंड के लगभग सभी जिलों में कार्य चल रहा है। प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से 10000 से अधिक लोग जुड़कर काम कर रहे हैं। इनमें से अभी पांच हजार से अधिक कार्यकर्ता कोरोना वायरस जैसी महामारी से निबटने में लोगों की मदद कर रहे हैं। गुमला एवं लोहरदगा जिले के नक्सल प्रभावित गांवों में भोजन कैंप चला रहे हैं तो रांची, गढ़वा, पलामू, लातेहार, गुमला, साहिबगंज, गोड्डा, दुमका, पश्चिमी व पूर्वी सिंहभूम जिलों के सुदूर ग्रामीण इलाकों में दीवार लेखन कर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। जो कार्यकर्ता जहां हैं उसी आसपास अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए काम कर रहे हैं। आदिम जनजाति परिवारों के बीच कच्चा राशन सामग्री पहुंचाने का काम कर रहे हैं। रांची जिले में विकास भारती के जनशिक्षण संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त लड़कियां व प्रशिक्षण देने वाली महिलाएं आपदा की इस घड़ी में अपने-अपने घरों में रात-दिन मास्क तैयार करने के साथ साथ उसे वितरित करने का भी काम कर रही हैं। 50 लड़कियां इस काम में लगी हैं, इनमें से कई मुस्लिम हैं।  

आइसोलेशन बेड भी किया गया है तैयार

संस्था द्वारा गुमला जिले के बिशुनपुर में संचालित सुक्का बिरजिया अस्पताल मे दो बेड का आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किया गया है। इसके साथ ही कई जिलों में विकास भारती के कार्यकर्ता एंबुलेंस लेकर हमेशा तैयार रहते हैं। जरूरत पडऩे पर मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने का काम करते हैं।

chat bot
आपका साथी