RIMS Ranchi: जंगल की थीम पर तैयार किया जा रहा रिम्‍स के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग का ओटी

RIMS Ranchi News पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के ओटी को मॉड्यूलर ओटी में तब्दील किया जा रहा है। ओटी संक्रमण की संभावना कम रहेगी। दो ओटी को इस तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। यहां मेडिकल छात्रों को भी फायदा मिलेगा।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 13 Jan 2021 02:09 PM (IST) Updated:Wed, 13 Jan 2021 02:13 PM (IST)
RIMS Ranchi: जंगल की थीम पर तैयार किया जा रहा रिम्‍स के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग का ओटी
ओटी को तैयार करने को लेकर तेजी से काम चल रहा है।

रांची, [शक्ति सिंह]। रिम्स में बच्चों की सर्जरी और बेहतर हो तथा चिकित्सकों को सर्जरी करने में सहूलियत हो, इसके लिए पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में दो ओटी को मॉड्यूलर ओटी में तब्दील किया जा रहा है। ओटी में संक्रमण का स्तर शून्य रहे, इसलिए सभी ओटी को मॉड्यूलर में बदला जा रहा है। जंगल की थीम पर ओटी को तैयार किया जा रहा है, ताकि बच्चों को ओटी का माहौल अच्छा लग सके। पूरे दीवार पर जंगल की तस्वीर बनाई जाएगी। ओटी को तैयार करने के लिए तेजी से काम चल रहा है। तब तक पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग अपने मरीजों की सर्जरी यूरोलॉजी की ओटी में कर रहा है।

कई बार संक्रमित पाया गया है ओटी

रिम्स की ओटी कई दफा संक्रमित हो चुकी है। ऐसे में मरीजों की मुश्किलें और भी बढ़ जाती हैं। कई बार रिम्स की ओटी में स्वाब जांच के दौरान ओटी संक्रमित पाया गया है। मरीजों के अतिरिक्त दबाव और व्यवस्था के अभाव में भी कई बार ओटी संक्रमित हो जाता है। पूर्व में हड्डी रोग विभाग, न्यूरो सर्जरी विभाग के ओटी और ब्लड बैंक में भी संक्रमण पाया गया था। वर्तमान में अस्पताल में कई ओटी को मॉड्यूलर ओटी में तब्दील किया जा चुका है।

ओटी में अत्याधुनिक उपकरणों की सुविधा बढ़ाई जाएगी। इससे चिकित्सकों को मेजर सर्जरी करने में सुविधा होगी। हर छोटी-छोटी चीज के लिए सर्जरी सेवा प्रभावित नहीं होगी। चिकित्सकों के पास हर तरह के विकल्प मौजूद रहेंगे। मेडिकल छात्रों को भी इसका फायदा मिलेगा। मॉड्यूलर ओटी से उन्हें नई चीजें सीखने को मिलेंगी। उपकरणों का इस्तेमाल कैसे हो, इसकी भी जानकारी मिलेगी।

यह होती है मॉड्यूलर ओटी की सेवा

-ओटी अत्याधुनिक मशीनों से लैस होगा

-कम रहता है संक्रमण का खतरा

-डिजिटल उपकरण से रहेगा लैस

-मेजर ऑपरेशन और रोबोटिक सर्जरी करने में आसानी होगी

-ज्यादातर उपकरणों का संचालन रिमोट कंट्रोल से होगा।

-पूरी बॉडी स्टील की होती है। इसमें जंग लगने की समस्या नहीं होगी।

chat bot
आपका साथी