खरमास बीता, झारखंड मंत्रिमंडल पर अभी तक निर्णय नहीं

Jharkhand. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से दोबारा नहीं हुई सीएम की मुलाकात। 18 जनवरी के बाद मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Wed, 15 Jan 2020 07:30 PM (IST) Updated:Wed, 15 Jan 2020 07:30 PM (IST)
खरमास बीता, झारखंड मंत्रिमंडल पर अभी तक निर्णय नहीं
खरमास बीता, झारखंड मंत्रिमंडल पर अभी तक निर्णय नहीं

रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य में मंत्रिमंडल गठन को लेकर कयासों को विराम मिलता फिलहाल नहीं दिख रहा है। तीन-चार दिनों तक यही स्थिति बनी रहेगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बुधवार को नई दिल्ली से रांची वापस लौट भी आए हैं। कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात में आलाकमान का संदेश दे दिया है लेकिन नामों का खुलासा 17 जनवरी से पहले संभव नहीं दिख रहा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसी दिन विधायकों के साथ मुलाकात का समय दिया है। समझा जा रहा है कि जिन्हें मंत्री बनाया जाएगा उनसे वे वहीं पर मिलेंगी। बात सिर्फ कांग्रेस को लेकर ही नहीं अटकी हुई है बल्कि झामुमो की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। झामुमो कोटे से भी पांच विधायकों को मंत्री बनाना है जिनके नाम अभी तय नहीं हो सके हैं। इस रेस में चंपई सोरेन, स्टीफन मरांडी, नलिन सोरेन, मथुरा महतो, जगरनाथ महतो, दीपक बिरूआ, जोबा मांझी, मिथिलेश ठाकुर आदि आगे चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के कई नेताओं ने भले ही यह कह दिया हो कि खरमास के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार होगा लेकिन मामला कुछ दिनों के लिए टलता दिख रहा है। बुधवार को नई दिल्ली से वापस लौटकर पहुंचे मुख्यमंत्री ने इसको लेकर कोई संदेश नहीं दिया। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह से उन्हें सोनिया का संदेश मिल गया है।

इनमें एक महिला समेत तीन विधायकों के नाम होने की बात कही जा रही है। शुक्रवार को सोनिया गांधी से कांग्रेस विधायकों की मुलाकात के बाद नामों का खुलासा होना संभव होगा। इस बीच, झामुमो को भी मंत्रियों की सूची को अंतिम रूप देना है। इसके बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार की बात होगी।

कुछ हमारे लिए भी रहने दीजिए

कैबिनेट को लेकर सहयोगी दल कांग्रेस के कई नेताओं से बातचीत हुई है। पार्ट-पार्ट सारी चीजें सामने आ रही हैं। फैसला हो जाएगा तो आपलोगों को अवगत करा दिया जाएगा। कुछ बातें हमारे लिए भी रहने दीजिए। -हेमंत सोरेन, मुख्यमंत्री। (दिल्ली से लौटने के बाद बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर)

chat bot
आपका साथी