29 दिसंबर को लांच होगी झारखंड की नई खेल नीति, खिलाड़ियों के लिए शुरू होंगी कई योजनाएं

15 स्कूलों में बनेंगे एस्ट्रोटर्फ खिलाड़ियों को मिलेंगे नियुक्तिपत्र

By JagranEdited By: Publish:Fri, 04 Dec 2020 01:07 AM (IST) Updated:Fri, 04 Dec 2020 01:07 AM (IST)
29 दिसंबर को लांच होगी झारखंड की  नई खेल नीति, खिलाड़ियों के लिए शुरू होंगी कई योजनाएं
29 दिसंबर को लांच होगी झारखंड की नई खेल नीति, खिलाड़ियों के लिए शुरू होंगी कई योजनाएं

राज्य ब्यूरो, रांची : पर्यटन कला संस्कृति व खेलकूद विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने खेल नीति की चर्चा की। साथ ही ही खिलाड़ियों के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति-2020 बनाई गई है जो 29 दिसंबर को लागू होगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का डेटाबेस तैयार कर अंतरराष्ट्रीय क्षमता मानक के साथ सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा देशज और पारंपरिक खेलों को प्रोत्साहन देने के साथ स्पो‌र्ट्स टूरिज्म को बढ़ावा देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए फुटबॉल फेडरेशन के साथ खेल विभाग एमओयू करेगी, जिसके तहत फुटबॉल फेडरेशन को टेक्निकल पार्टनर बनाया जाएगा। खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सेलेंस के तहत कुमारदुधानी में एकलव्य तीरंदाजी केंद्र, दुमका को खेलो इंडिया स्टेट सेंटर ऑफ एक्सेलेंस और विभिन्न स्तर पर एक्सेलेंस सेंटर बनाने का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया है।

उन्होंने कहा कि राज्य के हर जिले में दो खेल केंद्रों को खेलो इंडिया स्टेट लेवल सेंटर के रूप में संचालित किया जाएगा। साथ ही 29 दिसंबर को ही राज्य में फुटब़ॉल के विकास के लिए आल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन और खेल विभाग के बीच एमओयू होगा और सीधी नियुक्ति के लिए चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इसके अलावा राज्यभर में चयनित 15 स्कूलों में नए हॉकी एस्ट्रो टर्फ निर्माण का शिलान्यास होगा। साथ ही खिलाड़ियों और शोधकर्ताओं के लिए खेल पुस्तकालय का शुभारंभ होगा। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं की पहचान कर उसे बढ़ावा देन की दिशा में कार्रवाई हो। इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, खेल निदेशक जीशान कमर, पर्यटन निदेशक ए डोड्डे आदि उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी