एक एकड़ जमीन के विवाद में लोहरदगा जिला परिषद अध्यक्ष के देवर की हत्या, 4 टुकड़ों में मिला शव Lohardaga News

Jharkhand News 15 अक्टूबर को संदिग्ध परिस्थिति में उडूमुडू गांव से युवक लापता हो गया था। लापता युवक के मामले में कुडू थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज है। इस मामले में दो लोग जेल भेजे जा चुके हैं।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Tue, 10 Nov 2020 08:16 AM (IST) Updated:Tue, 10 Nov 2020 04:05 PM (IST)
एक एकड़ जमीन के विवाद में लोहरदगा जिला परिषद अध्यक्ष के देवर की हत्या, 4 टुकड़ों में मिला शव Lohardaga News
19 अक्टूबर को कुडू थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

लोहरदगा, जासं। लोहरदगा के जिला परिषद अध्यक्ष सुनैना कुमारी के रिश्ते में देवर कुडू थाना अंतर्गत उडूमुडू गांव निवासी विकास उरांव (30) की हत्या कर दी गई है। हत्या की यह घटना एक एकड़ जमीन के विवाद में हुई है। हत्यारों ने साजिश रचकर विकास का अपहरण कर एक एकड़ जमीन के लिए विकास के चार टुकड़े कर दिए। हत्या की इस घटना को बारीडीह गांव में रामदीप सिंह के घर में अंजाम दिया गया। इसके बाद शव को कार से अंबवा जंगल में ले जाकर दफनाया दिया गया।

विगत 15 अक्टूबर से उडूमुडू गांव से विकास संदिग्ध परिस्थिति में लापता था। इसके शव को कुडू थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात कैरो थाना क्षेत्र के अंबवा गांव के जंगल से बरामद किया है। युवक के शव को चार टुकड़ों में अलग-अलग जगह पर दफनाया गया था। वारदात को देखने के बाद पुलिस के होश उड़ गए हैं।

पुलिस ने इस मामले में विगत 29 अक्टूबर को कुडू थाना क्षेत्र के बारीडीह गांव निवासी सुरेंद्र सिंह के पुत्र रामदीप सिंह, उडुमुडू गांव निवासी जतरू उरांव के पुत्र महादेव उरांव को जेल भेज दिया है। जबकि पुलिस ने इस मामले में बारीडीह गांव निवासी स्वर्गीय बंदु ठाकुर के पुत्र सतीश ठाकुर, कैरो थाना क्षेत्र के अंबवा गांव निवासी स्वर्गीय बुद्धा शाह के पुत्र पंचानन शाह, सुरेंद्र सिंह की पत्नी रामावती देवी को हिरासत में लिया है।

वहीं इस मामले में अब तक स्वर्गीय दुबराज सिंह का पुत्र सुरेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह का पुत्र राजदीप सिंह, राजदीप सिंह की पत्नी आरती देवी, नारायण सिंह का पुत्र विकास सिंह फरार चल रहे हैं। बताया जाता है कि 15 अक्टूबर की सुबह घर से निकला युवक विकास उरांव संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इसके बाद स्वजनों द्वारा उसकी काफी खोजबीन की गई। थक हारकर परिजन कुडू थाना पुलिस के शरण में पहुंचे।

लापता युवक विकास के भाई अन्नू उरांव ने विगत 19 अक्टूबर को कुडू थाना में भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। दर्ज रिपोर्ट में बताया गया है कि विकास उरांव 15 अक्टूबर गुरुवार की सुबह घर से निकला था। उसे आखि‍री बार स्थानीय देवी मंडप के समीप देखा गया था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला है। न तो वह घर लौटा और न ही उसका कुछ सुराग मिला।

विकास के लापता होने का मामला कुडू थाना पुलिस के संज्ञान में आने के बाद स्थानीय पुलिस ने युवक की गुमशुदगी का मामला कुडू थाना में दर्ज कर अनुसंधान के साथ आगे की कार्रवाई शुरू की। इस मामले में कुडू थाना पुलिस ने उडूमुडू बारीडीह गांव के रामदीप सिंह और महादेव उरांव की संलिप्तता की पुष्टि के बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

साथ ही लापता युवक की तलाश में पुलिस जुटी रही। मामले में पुलिस ने गिरफ्तार रामदीप सिंह के मामा और मां को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ किया। इसमें रामदीप सिंह के मामा ने पुलिस को बताया कि कैरो थाना क्षेत्र के अंबवा गांव के जंगल में विकास की हत्या कर उसके शव को इधर-उधर दफना दिया गया है। इसपर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने युवक के शव को चार अलग-अलग जगह से बरामद किया। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

इधर लापता युवक विकास उरांव की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर विगत पहली नवंबर को झारखंड नवनिर्माण दल (झानद) का प्रतिनिधिमंडल विकास के घर जाकर स्वजनों से मुलाकात की और उन्हें ढाढस बंधाया था। उन्‍होंने प्रशासन से मांग की था कि विकास को सकुशल बरामद करें। ऐसा नहीं होने पर झानद जोरदार तरीके से आंदोलन करेगी।

इसके बाद उक्त मांग के साथ राज्य में बढ़ते आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर सात नवंबर को झानद कार्यकर्ताओं ने लोहरदगा समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया था। अब लापता युवक के शव चार टुकड़ों में मिलने के बाद सभी के होश उड़ गए हैं।

chat bot
आपका साथी