दुष्कर्म के बाद नाबालिग की पत्थर से कूचकर हत्या, आक्रोश

दुष्कर्म के बाद नाबालिग की गला घोंटकर उसकी जान ले ली गई।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Wed, 11 Apr 2018 01:24 PM (IST) Updated:Thu, 12 Apr 2018 11:23 AM (IST)
दुष्कर्म के बाद नाबालिग की पत्थर से कूचकर हत्या, आक्रोश
दुष्कर्म के बाद नाबालिग की पत्थर से कूचकर हत्या, आक्रोश

रांची, जेएनएन। झारखंड में बेटियां असुरक्षित हैं। समाज में छिपे हैवान उन्हें अपना निशाना बना रहे हैं। उनसे दुष्कर्म कर रहे। और तो और साक्ष्य मिटाने के लिए नृशंस तरीके से उनकी जान ले रहे। रांची के रातू में कुछ ऐसी ही वारदात हुई। 17 साल की एक नाबालिग के साथ पहले दुष्कर्म किया गया। फिर गला घोंटकर और पत्थर से कूचकर उसकी जान ले ली गई। घटनास्थल से नग्नावस्था में नाबालिग की लाश बरामद की गई है। घटना को मंगलवार को देर रात अंजाम दिया गया। मृतका रातू के ही एक कॉलेज में इंटर द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात किशोरी अपने छोटे भाई के साथ घर में सोई हुई थी। उसके माता-पिता घर के बगल में ही बलिया उरांव के घर मेहमानी में गए हुए थे। सुबह दो बजे उसकी मां काम के लिए घर लौटी और रेजा का काम करने के लिए रांची चली गई। सुबह साढ़े पांच बजे लड़की का छोटा भाई नींद से जगा, तो अपनी बहन को नहीं देखकर उसे खोजने लगा। पर, वह नहीं मिली। इसी बीच अगल-बगल के लोगों ने लगभग छह बजे देखा की लड़की अपने घर के बगल में ही पांडू उरांव के जर्जर मकान में मृत पड़ी हुई है।

उसके सिर और चेहरे पत्थर के चोट के निशान थे। तत्काल इसकी सूचना लोगों ने रातू पुलिस को दी। खबर पाते ही डीएसपी विजय सिंह, रातू थाना प्रभारी अमोद नारायण सिंह, मांडर थाना प्रभारी रामनारायण सिंह दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं मामले की जानकारी ली। मौके पर डॉग स्क्वायड एवं फोरेंसिक की टीम बुलाई गई लेकिन हत्यारों का पता नहीं लग सका। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त ईट, मृतका के कपड़े एवं उसका मोबाइल फोन बरामद किया।

ग्रामीण थे आक्रोशित, नहीं उठाने दे रहे थे शव:

घटना की खबर पाते ही पूरे गांव के लोग जुट गए। सभी अपने गांव की बेटी के साथ हुई इस बर्बरता को लेकर खासे आक्रोशित थे। वे अविलंब हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। ग्रामीण पुलिस को शव को उठाने नहीं दे रहे थे। वे पहले हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। बाद में डीएसपी के समझाने-बुझाने के बाद ग्रामीण माने और शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस हत्यारों की तलाश के लिए छापामारी कर रही है। यह आशंका जाहिर की जा रही है कि युवती रात में घर से बाहर निकली और वह हैवानों के हत्थे चढ़ गई। दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। मृत नाबालिग रातू के ही एक इंटर कॉलेज में इंटर द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। सूचना मिलते ही वहां शोक की लहर दौड़ गई। शोकसभा के बाद कॉलेज बंद कर दिया गया।

हत्याकांड को उसके पहचान वालों ने ही अंजाम दिया होगा। मृतका के मोबाइल का कॉल डिटेल भी निकालने के लिए दिया गया है। बहुत जल्द ही हत्यारे पकड़ लिए जाएंगे।

-अमोद नारायण सिंह, थानाप्रभारी रातू।

chat bot
आपका साथी