भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू, रघुवर बोले- हमें न्यू इंडिया के लिए सशक्त करें Ranchi News

Jharkhand BJP. जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाने के साथ ही भाजपा का वृहद सदस्यता अभियान पूरे झारखंड में शुरू हो गया है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sat, 06 Jul 2019 10:42 AM (IST) Updated:Sat, 06 Jul 2019 08:00 PM (IST)
भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू, रघुवर बोले- हमें न्यू इंडिया के लिए सशक्त करें Ranchi News
भाजपा का सदस्यता अभियान शुरू, रघुवर बोले- हमें न्यू इंडिया के लिए सशक्त करें Ranchi News

रांची, राज्य ब्यूरो। जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती मनाने के साथ ही भाजपा का वृहद सदस्यता अभियान शुरू हो गया है। शनिवार को राज्य भर में एक साथ 497 स्थानों की 29 हजार से ज्यादा बूथों पर सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जमशेदपुर में संगठन पर्व 2019-सदस्यता अभियान शुरू किया। उन्होंने पार्टी से जुड़ रहे नए सदस्यों का अभिनंदन किया और कहा कि राष्ट्रनिर्माण में जुटे समाज के हर वर्ग को हमें पार्टी से जोडऩा है। न्यू इंडिया के निर्माण के लिए उन्होंने लोगों से भाजपा को सशक्त करने का आह्वान किया।
इससे पूर्व सीएम ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को उनकी जयंती पर नमन किया और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने श्यामा प्रसाद को प्रखर राष्ट्रवादी, भारतीय जनसंघ का संस्थापक और भाजपा का प्रेरणापुंज बताया। खूंटी में केंद्रीय मंत्री और सांसद अर्जुन मुंडा ने सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि तू एक व्यक्ति नहीं समूह है, केवल शरीर नहीं देश की रूह है, आगे बढ़ नए भारत का है गर्व तू, बन जा देश का संगठन पर्व तू...।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर देश के पुनर्निर्माण में सहभागी बनें। इस दौरान उनके साथ राज्य सरकार के मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा और पूर्व सांसद कडिय़ा मुंडा भी मौजूद थे। इससे पहले उन्होंने खूंटी भाजपा कार्यालय में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही अर्जुन मुंडा ने खूंटी में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की अहम भागीदारी रही।

गिरिडीह में जय प्रकाश वर्मा ने सदस्यता अभियान 2019 की शुरुआत की। धनबाद में राज सिन्हा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए संगठन पर्व सदस्यता अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने श्यामा प्रसाद को प्रखर राष्ट्रवादी, भारतीय जनसंघ के संस्थापक और भाजपा का प्रेरणापुंज बताया। इस दौरान धनबाद सांसद पीएन सिंह भी मौजूद रहे। लोहरदगा में प्रतुल शाह देव ने सदस्यता अभियान चलाया।


इसके पूर्व उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। हमलोग झारखंड में अपने लक्ष्य से आगे जाएंगे। प्रदेश सदस्यता प्रभारी प्रदीप वर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रयासों से 25 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य पूर्ण किया जाएगा। सात से नौ जुलाई तक प्रदेश में सघन सदस्यता अभियान चलेगा।

इन्हें सौंपी गई जवाबदेही

धर्मपाल सिंह : गुमला, प्रदीप वर्मा : जामताड़ा, समीर उरांव : घाघरा, विद्युत वरण महतो : जमशेदपुर, प्रणव वर्मा : गिरिडीह, हेमलाल मुर्मू : बरहेट, सुनील सिंह : चतरा, दीपक प्रकाश : हजारीबाग, अनंत ओझा : साहिबगंज, नवीन जायसवाल : जगन्नाथपुर, मनोज सिंह : चैनपुर, सुबोध सिंह गुड्डू : हिनू, रांची, मुनेश्वर साहू : गुमला नगर, नूतन तिवारी : पत्थरगांवा, सरिता श्रीवास्तव : धनबाद, गणेश मिश्र : निरसा बाजार, प्रतुल शाहदेव : लोहरदगा, प्रवीण प्रभाकर : पालाजोरी, मिसफिका हसन : पाकुड़, शिवपूजन पाठक : अपर बाजार रांची, संजय जायसवाल : सुखदेव नगर, बीडी राम : छतरपुर, लुइस मरांडी : दुमका, राज सिन्हा : सदर मंडल धनबाद, मेनका सरदार : बाघमारा, सीमा शर्मा : डोरंडा, राकेश भास्कर : हरमू।


सदस्यता के अलग-अलग आंकड़े बता रहे भाजपा नेता

सदस्यता अभियान के आंकड़ों को लेकर प्रदेश भाजपा में खासा मतभेद दिखाई दे रहे हैं। राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने रांची में मीडिया से बातचीत में 22.45 लाख नए सदस्य बनाने की बात कही थी। जबकि हाल ही मेंं सीएम आवास में मुख्यमंत्री के साथ हुई भाजपा विधायकों की बैठक में 50-50 हजार सदस्य हर विधायक को बनाने का टास्क सौंपते हुए कुल 30 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। वहीं, सदस्यता अभियान के एक दिन पूर्व प्रदेश सदस्यता प्रभारी प्रदीप वर्मा ने 25 लाख नए सदस्य बनाने की बात कही है।

chat bot
आपका साथी