Sawan 2019: अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम; देखें तस्‍वीरें

पहाड़ी मंदिर में सुबह 3.30 बजे प्रथम पूजा हुई। इसके बाद सुबह चार बजे आम भक्तों के लिए पट खोल दिए गए। भक्तों की भीड़ को देखते हुए अरघा सिस्टम से जलार्पण की व्यवस्था की गई है।

By Edited By: Publish:Mon, 12 Aug 2019 02:40 AM (IST) Updated:Mon, 12 Aug 2019 09:14 AM (IST)
Sawan 2019: अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम; देखें तस्‍वीरें
Sawan 2019: अंतिम सोमवारी पर पहाड़ी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम; देखें तस्‍वीरें

रांची, जासं। सावन की अंतिम सोमवारी पर राजधानी रांची बम-बम बोल रही है। जलार्पण के लिए अहले सुबह से ही शिवालयों में भक्तों की भीड़ लगी है। पहाड़ी मंदिर में सुबह 3.30 बजे प्रथम पूजा हुई। इसके बाद सुबह चार बजे आम भक्तों के लिए पट खोल दिए गए। भक्तों की भीड़ को देखते हुए अरघा सिस्टम से जलार्पण की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

भक्तों के सहयोग में पहाड़ी मंदिर विकास समिति के एक सौ स्वयं सेवक सुबह से ही डटे हैं। पहाड़ी बाबा तक पहुंचने के लिए महिला-पुरुष के लिए-लिए अलग-अलग लाइन लगी है। वहीं, वृद्ध और दिव्यांग के लिए स्पेशल दर्शन की व्यवस्था की गई है। पहाड़ी मंदिर विकास समिति की ओर से बताया गया कि शाम पांच बजे तक जलार्पण संभव होगा। इसके बाद श्रृंगार की तैयारी आरंभ होगी। शाम सात बजे भव्य महाआरती होगी। रात नौ बजे तक दर्शन सुलभ रहेगा।

गंगाजल-दूध का होगा निश्शुल्क वितरण
पहाड़ी मंदिर विकास समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए गंगाजल एवं दूध का निश्शुल्क व्यवस्था होगी। वहीं, समिति की ओर से एक हजार लोटा की भी व्यवस्था की गई है ताकि दूर से आने वाले भक्तों को जलाभिषेक में किसी प्रकार की परेशानी ना हों। श्रद्धालुओं के आरती के लिए 50 दीप कलछुल की व्यवस्था की गई है।

मुख्य मंदिर में लगाए गए दो एसी
आज उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पहाड़ी बाबा मुख्य मंदिर में दो एसी लगाए गए हैं। ताकि श्रद्धालुओं को उमस से राहत मिल सके। आमतौर पर भीड़ में उमस बढ़ जाती है जिससे श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने की संभावना रहती है। वहीं, शुद्ध पेयजल के लिए पहाड़ी मंदिर परिसर में तीन आरओ लगाई गई है।

लगे हें 31 सीसीटीवी
पूरे मंदिर परिसर पर नजर रखने के लिए 31 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। प्रथम तल स्थित कंट्रोल रूम से भीड़-भाड़ पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा मजिस्ट्रेट की देखरेख में सुबह से ही जिला बल के जवान मुश्तैद रहेंगे। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम एंबुलेंस के साथ मौजूद रहेंगे। इसमें चिकित्सक भी शामिल होंगे।

लाइव प्रसारण
जलाभिषेक लाइव प्रसारण होगा। इसका प्रसारण मंदिर के मुख्य मार्ग पर बड़े एलइडी स्क्रीन पर किया जाएगा। लाइव प्रसारण के माध्यम से ही श्रद्धालु पहाड़ी बाबा का दर्शन कर सकते हैं। इसके अलावा मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में साउंड सिस्टम लगाया गया जिससे शिव मंत्रो की ध्वनि बजेगी। सोमवारी में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ होती है। ऐसे में दिव्यांग और 70 साल के बुजुर्गो के लिए विशेष पास की व्यवस्था की गई है। मंदिर के प्रथम तल स्थित कार्यालय से इसे प्राप्त किया जा सकता है। यही व्यवस्था मंदिर आने वाले नियमित श्रद्धालुओं के भी होगी। पासधारी श्रद्धालु बिना लाइन लगे पहाड़ी बाबा का दर्शन कर सकते हैं।

समिति की बैठक में विशेष साफ-सफाई का निर्देश
रविवार को पहाड़ी मंदिर विकास समिति की बैठक मंदिर के कोषाध्यक्ष अभिषेक आनंद की अध्यक्षता में हुई जिसमें सोमवारी की तैयारी की समीक्षा की गई। व्यवस्था से जुड़े एक एक विषय पर चर्चा की गई। अभिषेक आनंद ने कर्मचारियों को विशेष साफ-सफाई का निर्देश दिया गया। बैठक में पुलिस इंस्पेक्टर एके द्विवेदी, सुखदेवनगर थाना प्रभारी संजय कुमार, समिति सदस्य सुनील माथुर, मदनलाल पारीक, पप्पू अग्रवाल आदि शामिल थे।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी