गोवा फिल्म महोत्सव में पार्टनर स्टेट बनेगा झारखंड

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आठ अक्टूबर को रांची आएंगे।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Thu, 04 Oct 2018 07:11 PM (IST) Updated:Thu, 04 Oct 2018 07:11 PM (IST)
गोवा फिल्म महोत्सव में पार्टनर स्टेट बनेगा झारखंड
गोवा फिल्म महोत्सव में पार्टनर स्टेट बनेगा झारखंड

राज्य ब्यूरो, रांची। केंद्र सरकार ने झारखंड को फिल्म निर्माण में प्रोत्साहित करने का निर्णय किया है। इस कड़ी में नवंबर में गोवा में हो रहे अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में झारखंड को पार्टनर स्टेट बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा क्षेत्रीय फिल्म महोत्सव रांची में कराने के संबंध में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय राज्य सरकार संग विमर्श करेगा। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव अमित खरे दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आठ अक्टूबर को रांची आएंगे। दो दिनों के दौरे में वे विभागीय कामकाज की समीक्षा के अलावा राज्य सरकार के वरीय अधिकारियों संग बैठक करेंगे।

अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस साल 20से 29 नवंबर तक गोवा में होगा। इसमें देश-विदेश के दिग्गज फिल्मकार शामिल होंगे। क्या होगा फायदाअंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में पार्टनर स्टेट बनने का फायदा झारखंड को मिलेगा। इससे देश-विदेश के फिल्मकार झारखंड की खूबियों से अवगत हो सकेंगे। इससे फिल्म निर्माण गतिविधियों को गति मिलेगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय क्षेत्रीय फिल्म फेस्टिवल राज्य के किसी एक शहर में आयोजित करने पर भी विचार कर रहा है। इसको लेकर केंद्रीय सचिव राज्य सरकार के साथ चर्चा करेंगे। पिछले कुछ वषरें से राज्य में फिल्म निर्माण को गति देने की कोशिश की जा रही है। केंद्र सरकार के इस प्रयास से झारखंड को देश की फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने में मदद मिलेगी।

राज्य में सामुदायिक रेडियो की स्थापना

राज्य के किसानों को सूचनाओं से लैस करने की परिकल्पना को भी केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय अमलीजामा पहनाने की कोशिश में है। इस कड़ी में राज्य के कृषि विज्ञान केंद्रों में सामुदायिक रेडियो की स्थापना होगी। झारखंड यात्रा के क्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे इसे धरातल पर उतारने की योजना पर विमर्श करेंगे। देश में सामुदायिक रेडियो केंद्र काफी सफल प्रयोग रहा है। इससे किसानों को बेहतर फसल उत्पादन और सही मूल्य दिलाने में मदद मिलती है। सामुदायिक रेडियो केंद्र की शुरुआत झारखंड में होने का सीधा फायदा राज्य के किसानों को होगा।

आकाशवाणी-दूरदर्शन का करेंगे दौरा खरे नौ अक्टूबर को केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण सचिव अमित खरे आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चयनित जिलों में चल रही योजनाओं के मीडिया कवरेज की समीक्षा करेंगे। यहां योजनाओं का लाभ अंतिम आदमी तक पहुंचे, इसको लेकर बेहतर मीडिया प्लान सहित अन्य बिंदुओं पर मंत्रालय से संबद्ध विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश देंगे। झारखंड दौरे के क्रम में वे दूरदर्शन और आकाशवाणी केंद्र, रांची का भी निरीक्षण करेंगे।

chat bot
आपका साथी