Weather Update: रांची का तापमान 20 डिग्री गिरा, झारखंड में आंधी-तूफान से भारी तबाही, कई घरों के छप्‍पर उड़े; 50 पेड़ भी गिरे

Jharkhand Weather Update झारखंड में आज कई जिलों में घंटों तक झमाझम बारिश हुई। राजधानी रांची में आंधी-तूफान और जबर्दस्‍त मेघगर्जन के साथ दो घंटे से अधिक देर तक मूसलाधार बारिश हुई। रांची का अधिकतम तापमान एक ही दिन में 19 डिग्री से अधिक गिरा।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 22 May 2022 04:32 AM (IST) Updated:Mon, 23 May 2022 04:51 AM (IST)
Weather Update: रांची का तापमान 20 डिग्री गिरा, झारखंड में आंधी-तूफान से भारी तबाही, कई घरों के छप्‍पर उड़े; 50 पेड़ भी गिरे
Jharkhand Weather Update: झारखंड में आज कई जिलों में घंटों तक झमाझम बारिश हुई।

रांची, जासं। Jharkhand Weather Update मार्च, अप्रैल व 20 मई तक तपती गर्मी झेलने के बाद राजधानी रांची व आसपास के जिलों में शनिवार को आसमान से राहत भरी बारिश हुई। जिसके बाद राजधानी के अधिकतम तापमान में 19 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी में शनिवार को दोपहर 12:15 बजे मौसम का मिजाज बदल गया। तेज हवा व मेघ गर्जन के साथ हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज किया गया। करीब दो घंटे तक रुक रुककर हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। कई जगहों पर ओले गिरने की भी सूचना है। वहीं तेज आंधी में कई जगहों पर पेड़ पौधे तक उखड़ गए।

12 बजे बारिश आंधी शुरू होते ही नगर निगम के मुख्य गेट के बगल में खड़ी कार पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ कार के बोनट पर गिरा। जिससे कार चालक बाल बाल बच गया। जैसे ही पेड़ गिरा अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क जाम हो गया। कार सवार कार से निकल कर भागा। हालांकि सवार को चोट नहीं लगी। बाद में निगम की ओर से जेसीबी बुलाकर पेड़ को हटाया गया।

पिछले एक सप्ताह से राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों के तापमान में लगातार उतार चढ़ाव हो रहा है। एक ओर जहां उत्तर पूर्वी व मध्य क्षेत्र यानी देवघर, दुमका, जामताड़ा, साहेबगंज, गोड्डा, पाकुड़ व धनबाद के अलावे रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी में बारिश हुई तो दूसरी ओर राज्य के शेष हिस्सों में तापमान का तेवर चढ़ा हुआ है।

शनिवार को जारी मौसम विज्ञान केंद्र रांची की रिपोर्ट में बताया गया कि राज्य के सभी हिस्सों में अगले 24 घंटे के दरम्यान बारिश होगी। जिससे तापमान में गिरावट के संकेत हैं। पिछले 24 घंटे के लिए जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य में सबसे अधिक बारिश 23.5 मिमी साहेबगंज में दर्ज की गई है। जबकि डाल्टेनगंज में अधिकतम 42.8 डिग्री जबकि सबसे कम न्यूनतम 20.7 डिग्री सेल्सियस साहेबगंज में रिकार्ड किया गया है।

जारी है तापमान का उतार चढ़ाव

पिछले तीन दिनों के दरम्यान राजधानी के तापमान में 2-3 डिग्री का उतार चढ़ाव लगातार बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि उत्तर पूर्वी व मध्य क्षेत्र के जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन, वज्रपात के साथ लगातार बारिश हो सकती है। साथ ही कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।

राहत भरी खबर यह है कि अबकी बार मानसून समय से पूर्व दस्तक दे रहा है। रिपोर्ट की मानें तो 10 जून के बाद यानी पिछले वर्ष की तुलना में छह दिनों पहले ही मानसून का झारखंड में प्रवेश हो रहा है। जिससे जून व जुलाई में गर्मी का असर लगभग समाप्त हो जाएगा। झारखंड में 10 से 15 जून के बीच मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट की मानें तो 17 मई से अंडमान में मानसून की बारिश शुरू हो गई है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि एक जून से पूर्व ही केरल में मानसून आ सकता है। इस वर्ष अंडमान निकोबार में तय समय से छह दिन पहले मानसून की बारिश शुरू हो गई है। जो कि कृषि के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है। अंडमान निकोबार द्वीप समूह और आसपास के इलाकों के लोअर जोन में दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के मजबूत होने के कारण बारिश हो रही है।

मौसम विभाग ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले 2-3 दिनों के दौरान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पूरे अंडमान सागर और अंडमान द्वीप समूह और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। लिहाजा, इसका सीधा असर झारखंड के मौसम पर भी पड़ेगा।

आंधी-तूफान से रांची की हालत बिगड़ी

शनिवार को दोपहर 12 बजे अचानक आंधी और तेज बारिश ने जहां नगर सरकार के कार्यों की पोल खोलकर रख दी है वहीं दूसरी ओर कई जगहों पर सड़क के बीचोंबीच पेड़ पौधाें की टहनियां गिर जाने से आवागमन कुछ देर के लिए बाधित हो गया। बारिश आंधी शुरू होते ही नगर निगम के मुख्य गेट के बगल में खड़ी कार पर एक पेड़ गिर गया। पेड़ कार के बोनट पर गिरा जिससे कार चालक बाल बाल बच गए। जैसे ही पेड़ गिरा अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़क जाम हो गया। कार सवार कार से निकल कर भागे। हालांकि सवार को चोट नहीं लगी। बाद में निगम की ओर से जेसीबी बुलाकर पेड़ को हटाया गया। इसके बाद कार चालक कार लेकर निकले। इस दौरान आवागमन बाधित हो गया। करीब 30 मिनट के बाद सड़क से पेड़ को हटाया गया।

बारिश ने नगर निगम के सफाई अभियान की भी पोल खोलकर रख दी है। अमूमन सभी नालों से गंदा पानी उफनकर सड़कों पर बहने लगा। गंदगी और सड़ांध से कुछ देर के लिए लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। खासकर सड़क किनारे दुकान सजाने वाले व रेहड़ी चलाने वालों को तो शामत आ गई। हालांकि इस बारिश के बाद राजधानी समेत आसपास के इलाके के लोगों को तपती गर्मी से राहत जरुर मिली है। तेज धूप और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था।

बता दें कि शहर के अशोक नगर, अशोक विहार, अरगोड़ा, हरमू, धुर्वा, चुटिया, सेक्टर 3 समेत कई अन्य जगहों पर पेड़ की टहनियां गिर जाने से यातायात व बिजली सेवा प्रभावित हुई। बेड़ो में आंधी तूफान ने मचाई तबाही :बेड़ो प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार की दोपहर में आई आंधी तूफान ने कहर बरपाया है। आंधी तूफान से दर्जनों पेड़ धराशायी हो गए। दर्जनों घरों के एस्बेस्टस के छप्पर उड़ गए। पुरियो गांव में किसान वशिष्ट गिरी के खेत में लगे सोलर से संचालित बोरिंग के छह सौर पैनल उड़ गए। जिससे काफी क्षति हुई है।

किसान ने बताया कि लगभग एक एकड़ खेत में मकई, मिर्च व अन्य सब्जियों की खेती कर रहे हैं। जिसमें सिंचाई के लिए इसी बोरिंग की मदद ली जाती है। सोलर के उजड़ जाने से उन्हें पटवन की चिंता सता रही है। प्रखंड के कई गांवों में बिजली के पोल व तार टूट कर नीचे गिर गए हैं। जिससे बिजली आपूर्ति बाधित है। रांची गुमला मुख्य मार्ग सहित कुछ स्थानों पर सड़क पर पेड़ गिरने से घंटों आवाजाही बाधित रही।

किसानों के भिंडी, करेली खीरा, कद्दू, शिमला मिर्च, मिर्च, गोभी सहित हरी सब्जी सहित अन्य फसलों को क्षति हुई है। मांडर की पूर्व विधायक सह भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजुर व एआइएमआइएम के प्रदेश महासचिव शिशिर लकड़ा ने जिला व प्रखंड प्रशासन से किसानों को फसल की क्षति एवं घरों की क्षति का आकलन कर क्षतिपूर्ति की मुआवजा राशि देने की मांग की है।पेड़ गिरने से चार गाय जख्मी :बुढ़मू प्रखंड में आंधी तूफान से ग्रामीणों को काफी नुकसान हुआ है। आंधी से प्रखंड के हिसरी गांव निवासी सूरज यादव के घर में विशालकाय फुटकल का पेड़ गिर गया। जिससे चार गायों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं घर में रखे सभी समान भी बर्बाद हो गए।

बंसरी गांव के महेंद्र साहु, जलेश्वर मुंडा, हेसलपीरी गांव निवासी सोहन महतो, पतरातू गांव के जोगेश मलहार, सुनील मलहार के घरों का एस्बेस्टस टूट गया। बारिश से भीषण गर्मी से राहत तो मिली लेकिन बारिश के साथ ओले गिरने से फसलों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है। बुढ़मू प्रखंड के सीओ शंकर कुमार विद्यार्थी ने कहा कि पंचायत चुनाव के बाद आंधी तूफान से हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाया जाएगा।

बिजली सेवा बाधित

रातू प्रखंड क्षेत्र में आंधी तूफान व तेज बारिश से ललित ग्राम के निकट कई पेड़ गिर गए। बिजली के तार टूटकर गिर गए। जिससे कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। इसके अलावा कई घरों के छप्पर भी उड़ गए तथा घरों को भी नुकसान पहुंचा है।

बिजली पोल व पेड़ उखड़ गए

चान्हो प्रखंड में बारिश से प्रचंड गर्मी से राहत मिली। वही प्रखंड के गणेशपुर गांव में आंधी व बारिश से बिजली के कई पोल व पेड़ उखड़कर जमीन पर गिर गए। दोपहर करीब तीन बजे से आंधी से तार सहित बिजली के पोल के जमीन पर गिर जाने से बिजली सेवा बाधित हो गई।

गिर गया आशियाना

नगड़ी प्रखंड में बारिश एवं आंधी से कई गांवों में घरों को काफी नुकसान पहुंचा है। तेज हवा से बिजली के खंभे तार गिर गए। देवरी गांव के उरांव मोहल्ला में देहड़ी मजदूर सुकरा उरांव का छप्पर गिरते ही घर गिर गया। हालांकि इस हादसे में सुकरा उरांव की पत्नी रुपनी देवी और अन्य सदस्य बाल बाल बचे। सुकरा का एकमात्र आश्रय यही घर था जो कि आंधी व बारिश की भेंट चढ़ गया। वहीं सपारोम चौक के पास मुमताज अंसारी के गोदाम का एस्बेस्टस उड़ कर सड़क पर गिर गया। जिससे आधा घंटा तक सड़क जाम रहा।बलालोंग पंचायत के बालालोंग गांव में भी काफी नुकसान हुआ है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

chat bot
आपका साथी