महेंद्र सिंह धौनी की ना के बाद झारखंड टीम घोषित

झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए वरुण एरोन की कप्तानी में टीम की घोषणा कर दी।

By Sachin MishraEdited By: Publish:Thu, 04 Jan 2018 12:46 PM (IST) Updated:Thu, 04 Jan 2018 04:26 PM (IST)
महेंद्र सिंह धौनी की ना के बाद झारखंड टीम घोषित
महेंद्र सिंह धौनी की ना के बाद झारखंड टीम घोषित

जागरण संवाददाता, रांची। पूर्वी क्षेत्र सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में महेंद्र सिंह धौनी झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हैं। बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ ने तमाम कयासों को दरकिनार करते हुए वरुण एरोन की कप्तानी में टीम की घोषणा कर दी। सूत्रों की मानें तो धौनी ने स्वयं झारखंड राज्य क्रिकेट संघ से चयन ना करने को कहा था। बताया जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ खेलने के बाद माही रांची में आराम करने आए हुए हैं।

दक्षिण अफ्रीका जाने से पूर्व वह परिवार के साथ समय व्यतीत करना चाहते हैं। इसलिए उन्होंने स्वयं ही कह दिया कि उन्हें ब्रेक चाहिए, उन्हें टीम में न रखें।जेएससीए के सचिव देबाशीष चक्रवर्ती ने टीम की घोषणा की।

ये हैं टीम में:

वरुण एरोन (कप्तान), सौरभ तिवारी, इशांक जग्गी, विराट सिंह, कौशल सिंह, कुमार देवब्रत, इशान किशन (विकेटकीपर), नजीम सिद्धिकी, प्रत्युष सिंह, मोनू सिंह, जसकरण सिंह, विकास सिंह, आसिफ मंसूरी और शशीम राठौड़।

धौनी करा रहे हैं खिलाड़ियों को अभ्यास :

भले ही धौनी सैयद मुश्ताक अली टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं लेकिन वे मेंटर की भूमिका बखूबी निभा रहे हैं। वे पिछले दो दिनों से शिविर में खिलाड़ियों को अभ्यास करा रहे हैं। इसके तहत क्षेत्ररक्षण पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।

जानें, कब पहुंचेगी सभी टीमें :

सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट के लिए सभी टीमें पांच जनवरी को रांची पहुंच जाएंगी। मुकाबला आठ जनवरी से शुरू होगा।

सफेद गेंद से होगा मैच :

टी-20 मैच सफेद गेंद से खेला जाएगा। इसी को देखते हुए झारखंड की टीम सफेद गेंद से अभ्यास कर रही है। रणजी ट्रॉफी में झारखंड का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था इसलिए टीम टी-20 में बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेगी।

आइपीएल के फ्रेंचाइजियों की रहेगी नजर :
आइपीएल के लिए खिलाड़ियों का आक्शन 27 व 28 जनवरी को होना है। इसलिए सभी फ्रेंचाइजियों की नजर सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट पर रहेगी। यह बात सभी खिलाड़ी जानते हैं इसलिए वे भी अच्छा प्रदर्शन कर फ्रेंचाइजियों को आकर्षित करना चाहेंगे।

यो टेस्ट में पास खिलाड़ियों को टीम में जगह दी गई है। अंतिम शिविर में 22 खिलाडि़यों को रखा गया था इसमें से 15 खिलाडि़यों का चयन किया गया है। हमने संतुलित टीम का चयन किया है। उम्मीद है वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे।

-देवाशीष चक्रवर्ती, सचिव, जेएससीए।

यह भी पढ़ेंः महेंद्र सिंह धौनी की एक झलक देखने को रहे बेकरार

 

chat bot
आपका साथी