Jharkhand Politics: शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के दौरे ने पलामू भाजपा की राजनीति के खोले पन्ने, पढ़ें

Jharkhand Politics केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी दो दिवसीय पलामू दौरे पर आई थी। अन्नपूर्णा देवी के इस दौरे ने भाजपा की राजनीति के अंदरूनी पन्ने को खोल दिए हैं। इस दौरान जमकर भोज की राजनीति हुई। यहां पढ़े कुछ अंदरूनी सच।

By Jagran NewsEdited By: Publish:Sun, 27 Nov 2022 11:47 AM (IST) Updated:Sun, 27 Nov 2022 11:48 AM (IST)
Jharkhand Politics: शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के दौरे ने पलामू भाजपा की राजनीति के खोले पन्ने, पढ़ें
Jharkhand Politics: शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी का पलामू दौरा।

मेदिनीनगर (पलामू), [मृत्युंजय पाठक]। Jharkhand Politics केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी के पलामू दौरे ने भाजपा की राजनीति के अंदरूनी पन्ने को खोल दिए हैं। दो दिवसीय दौरे के दौरान महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी शख्सियतों ने भविष्य की राजनीति को लक्ष्य कर मंत्री को साधने की कोशिश की। इस दौरान जमकर भोज की राजनीति हुई। इससे सांसद वीडी राम और छतरपुर की विधायक पुष्पा देवी के पति पूर्व सांसद मनोज भुइंया के बीच के रिश्ते सामने आ गए।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी पलामू में भाजपा की हेमंत हटाओ-झारखंड बचाओ जन आक्रोश रैली का नेतृत्व करने पहुंचीं थीं। अन्नपूर्णा भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के विश्वासपात्र नेताओं में शुमार हैं। पिछड़ों-खासकर यादव जाति को साधने के लिए भाजपा अन्नपूर्णा को बढ़ावा दे रही है। 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले वे झारखंड राजद अध्यक्ष का पद छोड़कर भाजपा में शामिल हुईं थीं। कोडरमा से टिकट मिला और सांसद बन गई।

इसके बाद उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बना दिया गया। बाद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया। 24 नवंबर को जन आक्रोश रैली के बाद रात्रि में मेदिनीनगर की मेयर अरुणा शंकर ने दावत दी। मेयर के पति आनंद शंकर मेदिनीनगर चेंबर आफ कामर्स के अध्यक्ष हैं। उन्होंने दावत में सबकी आवभगत की। भोज में सांसद वीडी राम समेत भाजपा के तमाम बड़े नेता शरीक हुए।

झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य विनोद सिंह ने सुबह नाश्ता का प्रबंध अपने आवास पर किया। मंत्री के साथ भाजपा के सांसद-विधायक शामिल हुए। सिंह हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा टिकट के दावेदार हैं। 2019 में चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि तब भाजपा का सिंबल समय पर नहीं मिल पाए था और भाजपा समर्थित उम्मीदवार के रूप में मैदान में थे। दौरे के दौरान मंत्री ने एक-दो लोगों को छोड़कर ज्यादातर को खुश करने की कोशिश की। विनोद के बाद पांकी के विधायक कुशवाहा डा. शशिभूषण मेहता के शाहपुर स्थित आक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में आयोजित विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल हुईं। यहां पर काफी समय दिया।

पूर्व सांसद मनोज भुइंया के आमंत्रण पर मंत्री पाटन के किशनपुर पहुंचीं। यहां पर दोपहर के भोजन का प्रबंध किया गया था। इस भोज ने पलामू भाजपा की धड़ेबाजी से पर्दा उठा दिया। इसमें सांसद वीडी राम शरीक नहीं हुए। सांसद राम और मनोज भुइंया के बीच 36 का रिश्ता है। 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले राजद नेता भुइंया ने अपनी पत्नी पुष्पा देवी को भाजपा से टिकट दिलवाया और वे छतरपुर से विधायक बन गईं।

कहा जाता है कि तब टिकट दिलवाने में अन्नपूर्णा की भी भूमिका थी। जब दोनों राजद में थे तभी से एक-दूसरे के राजनीतिक संबंध है। भाजपा ने पुष्पा देवी को टिकट सांसद वीडी राम के रिश्तेदार राधाकृष्ण किशोर का काटकर दिया था। इसके बाद से अब तक सांसद और पूर्व सांसद के संबंध नहीं सुधरे हैं। और अब मनोज अपनी पत्नी को लोकसभा का चुनाव लड़ाना चाहते हैं।

राजनीति के जानकारों का कहना है कि भाजपा पूरी तरह से लोकसभा चुनाव-2024 के मोड में आ चुकी है। चुनाव को लक्ष्य कर जिला में केंद्रीय मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों को भेजा जा रहा है। इसे देख टिकट के दावेदार भी सक्रिय हो गए हैं। वर्तमान सांसद अपना टिकट बचाने में लगे हैं तो दावेदार झटकने में। पलामू भी इससे अलग नहीं है।

chat bot
आपका साथी