Jharkhand Politics: भाजपा का संगीन आरोप... हमारे कार्यकर्ताओं को टारगेट कर की जा रही हत्या

Jharkhand Politics झारखंड में भाजपा कार्यकर्ताओं को टारगेट कर उनकी हत्‍या की जा रही है। बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा है कि राज्‍य के अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो चुका है। यहां हर तरफ अपराधियों का बोलबाला है।

By Alok ShahiEdited By: Publish:Sun, 14 Nov 2021 10:12 PM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 04:40 AM (IST)
Jharkhand Politics: भाजपा का संगीन आरोप... हमारे कार्यकर्ताओं को टारगेट कर की जा रही हत्या
Jharkhand Politics: झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक प्रकाश।

रांची, राज्य ब्यूरो। Jharkhand Politics भाजपा युवा मोर्चा के पलामू जिला के कोषाध्यक्ष सुमित श्रीवास्तव एवं चाईबासा के नोवामुंडी मंडल के जिला कोषाध्यक्ष की हत्या पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कानून व्यवस्था चौपट हो चुकी है। भाजपा कार्यकर्ताओं को टारगेट कर निशाना बनाया जा रहा है। हत्या में संलिप्त दोषियों को यथाशीघ्र गिरफ्तारी हो, अन्यथा भाजपा आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार अपराधियों ने पार्टी नेताओं की निर्मम हत्या की है उससे साफ हो गया है कि अपराधियों में डर समाप्त हो चुका है। यहां अपराधियों का बोलबाला है।

जनजातीय गौरव दिवस मनाएगी भाजपा

प्रदेश भाजपा 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस पर भगवान बिरसा मुंंडा की जयंती को बूथ स्तर पर जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के लिए ऐतिहासिक दिन है। इस दिवस को भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में उत्सव की तरह धूमधाम से मनाएंगे। प्रकाश ने कहा कि भगवान बिरसा की जयंती को जनजाति गौरव दिवस घोषित करके प्रधानमंत्री ने झारखंड के वीर सपूत को नई पहचान दिलाई है। अब 15 नवंबर को पूरा देश धरती आबा को याद करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में बूथ स्तर पर एक साथ बिरसा जयंती, राज्य स्थापना दिवस एवं जनजाति गौरव दिवस के साथ तीनों उत्सव को मनाएंगे।

आज राजभवन के समक्ष धरना देंगे विधायक लंबोदर महतो

गोमिया विधायक डा. लंबोदर महतो ललपनिया स्थित ऊर्जा विभाग के अधीन कार्यरत तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन (टीटीपीएस) में वित्तीय अनियमितता तथा वहां हो रहे श्रम कानूनों के उल्लंघन के विरुद्ध में सोमवार को राजभवन के समक्ष धरना पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि गत 13 सितंबर को इन समस्याओं के समाधान को लेकर वे राजभवन जाकर राज्यपाल से मिल चुके हैं, लेकिन इस विषय पर राज्य सरकार द्वारा अब तक कुछ नहीं किया गया है। उनके अनुसार, तेनुघाट थर्मल पावर स्टेशन में कार्यरत 30 मृत श्रमिकों तथा बीमारी के कारण कार्य छोड़े हुए 30 श्रमिकों या उनके आश्रितों को अब तक ग्रेच्युटी का भुगतान नहीं किया गया है। परिवर्तनशील महंगाई भत्ता का भुगतान भी प्रबंधन द्वारा नहीं किया गया है।

इधर, विधायक ने रांची में नवनिर्मित बिरसा मुंडा स्मृति संग्रहालय में चुहाड़ विद्रोह के महानायक रघुनाथ महतो की भी प्रतिमा लगाने की मांग की है। उन्होंने इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अलग-अलग आग्रह पत्र भेजा है। उनके अनुसार, यहां कई शहीदों की प्रतिमाएं लगाई गई हैं, लेकिन रघुनाथ महतो की प्रतिमा नहीं लगाई गई है।

chat bot
आपका साथी