दिल्ली में जमे दीपक प्रकाश व बाबूलाल मरांडी, झारखंड में कांग्रेस व झामुमो में हलचल तेज

Jharkhand Political Update. कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा विधायकों को प्रलोभन दिए जाने का आरोप लगाए जाने के बाद से झारखंड का राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 19 Jul 2020 08:39 AM (IST) Updated:Sun, 19 Jul 2020 02:29 PM (IST)
दिल्ली में जमे दीपक प्रकाश व बाबूलाल मरांडी, झारखंड में कांग्रेस व झामुमो में हलचल तेज
दिल्ली में जमे दीपक प्रकाश व बाबूलाल मरांडी, झारखंड में कांग्रेस व झामुमो में हलचल तेज

रांची, राज्य ब्यूरो। एक सप्ताह पहले कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव द्वारा भाजपा पर सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाए जाने के बाद जहां सूबे का सियासी तापमान बढ़ा हुआ है, वहीं सभी दलों के नेताओं के गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य दीपक प्रकाश और नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी दो दिनों से दिल्ली में हैं और पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर कांग्रेस और झामुमो खेमे में भी हलचल है।

हालांकि दीपक प्रकाश और बाबूलाल ने अपने दौरे को शिष्टाचार मुलाकात का क्रम बताया है। प्रदेश भाजपा के दोनों नेता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व व मंत्रियों से मुलाकात को भले ही शिष्टाचार भेंट बता रहे हों, लेकिन इन सामान्य मुलाकातों को लेकर भी प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर तेज है। एक दिन पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा था कि भाजपा खुद ही विधायकों को प्रलोभन देने के बारे में अफवाह फैला रही है। यह दांव उन्हें ही उल्टा पड़ेगा।

नेता प्रतिपक्ष के रूप में बाबूलाल मरांडी को स्पीकर द्वारा अबतक मान्यता नहीं दिए जाने के मुद्दे पर भी हेमंत ने कहा था कि कहीं ऐसा न हो कि पूरा कार्यकाल बिना नेता प्रतिपक्ष के ही निकल जाए। शनिवार को हेमंत के इस बयान की भाजपा ने निंदा की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की और उन्हें संगठन और राज्य के वर्तमान राजनीतिक हालात से अवगत कराया। दीपक प्रकाश 22 जुलाई को राज्यसभा सदस्य के तौर पर शपथ लेंगे।

उन्होंने दिल्ली जाने की यही वजह भी बताई है। वहीं, बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल और कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी से शिष्टाचार मुलाकात की। रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान बाबूलाल ने झारखंड से जुड़ी कुछ मांगों को रखा। उन्होंने कोलकाता-पटना एक्सप्रेस वाया मधुपुर के धनवार में ठहराव और गिरिडीह-कोडरमा पैसेंजर ट्रेन का पोबी में ठहराव की मांग की।

तर्क दिया कि इससे लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। रेलमंत्री ने दोनों मांगों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। बाबूलाल ने कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात के क्रम में कोल ब्लॉक नीलामी और झारखंड की बकाया राशि का भुगतान सहित राज्य के अन्य लंबित विषयों पर चर्चा की।

कोयला मंत्री ने भरोसा दिलाया कि भुगतान में कहीं कोई अड़चन नहीं है। झारखंड के मुख्यमंत्री से बात कर इसका विधिवत भुगतान कर दिया जाएगा। बता दें कि बाबूलाल ने एक दिन पूर्व गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी और उन्हें राज्य की विधि व्यवस्था की स्थिति से अवगत कराया था।

chat bot
आपका साथी