अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म महोत्सव नवंबर में; शामिल होंगी देश-विदेश की नामचीन हस्तियां

राजधानी रांची में भगवान बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म महोत्सव का आयोजन नवंबर में होगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 27 Aug 2018 12:38 PM (IST) Updated:Mon, 27 Aug 2018 12:38 PM (IST)
अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म महोत्सव नवंबर में; शामिल होंगी देश-विदेश की नामचीन हस्तियां
अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म महोत्सव नवंबर में; शामिल होंगी देश-विदेश की नामचीन हस्तियां

रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड की राजधानी रांची में भगवान बिरसा मुंडा अंतरराष्ट्रीय आदिवासी फिल्म महोत्सव के आयोजन की तैयारी है। इसमें शरीक होने के लिए दो माह बाद नवंबर में यहां देश-विदेश की नामचीन फिल्मी हस्तियां जुटेंगी। मुंबई की फिल्म कंपनी आइइपीएफ समेत कुछ अन्य कंपनियों ने इस महोत्सव में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने से संबंधित एक प्रस्ताव सरकार को दिया है।

संबंधित कंपनी ने इस आयोजन पर 2.69 करोड़ रुपये खर्च होने की संभावना जताई है। कंपनी ने महोत्सव के उद्देश्य और उससे जुड़ी तमाम जानकारियों से मुख्यमंत्री समेत कल्याण मंत्री और पर्यटन, कला-संस्कृति, क्रीड़ा एवं युवा विभाग मामले के मंत्री को अवगत कराया है। अगर इस मसौदे पर सहमति बन जाती है तो इसका आयोजन 15 से 21 नवंबर तक राजधानी रांची में होगा।

मसौदे के अनुसार इस आयोजन में मुंबई और विदेशों से संबद्धता रखने वाले फिल्म उद्योग की नामचीन हस्तियां शामिल होंगी।

प्रस्ताव के मुताबिक यह आयोजन एक विशाल मेले के रूप में होगा, जिसमें राज्य के जनजातीय क्षेत्रों के आदिवासी कला, शिल्प, खानपान, संस्कृति, गीत-संगीत, नृत्य आदि का समावेश भी होगा।

इस आयोजन के लिए जिस भी फिल्म कंपनी का चयन होगा, वह फिल्मोत्सव से पूर्व राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों का दौरा करेगी तथा स्थानीय आदिवासी नायकों की कथाओं पर छोटी-छोटी फिल्में बनाएगी। महोत्सव में दिखाई जाने वाली फिल्में स्थानीय आदिवासियों द्वारा ही बनाई जाएंगी, फिल्म निर्माता कंपनी उनका मार्गदर्शन करेगी।

इस कार्य के लिए उन्हें दैनिक भत्ता भी दिया जाएगा। माना जा रहा है कि इससे स्थानीय फिल्मकारों, निर्माताओं, निर्देशकों, गीतकारों, संगीतकारों और कलाकारों को विश्व स्तरीय पहचान मिलेगी।

chat bot
आपका साथी