डॉ. सत्यनारायण मुंडा बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि के कुलपति

रांची : राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर विश्वविद्यालय

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 May 2018 11:02 PM (IST) Updated:Fri, 18 May 2018 11:02 PM (IST)
डॉ. सत्यनारायण मुंडा बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि के कुलपति
डॉ. सत्यनारायण मुंडा बने श्यामा प्रसाद मुखर्जी विवि के कुलपति

रांची : राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल के तीन वर्ष पूरे होने पर विश्वविद्यालयों में कुलपतियों और प्रति कुलपतियों की नियुक्ति की। इनमें दो नए विश्वविद्यालय शामिल हैं। सर्च कमेटी की अनुशंसा पर यह नियुक्ति की गई है। उनके आदेश पर प्रधान सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने शुक्रवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी।

इसके तहत रांची विश्वविद्यालय के एंथ्रोपोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. सत्यनारायण मुंडा रांची कॉलेज से अपग्रेड हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के कुलपति नियुक्त किए गए हैं। इसी तरह, पूर्व उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अंजनी कुमार श्रीवास्तव को पिछले साल धनबाद में स्थापित विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है।

राज्यपाल ने रांची विश्वविद्यालय के गणित विभाग के प्रोफेसर अनिल कुमार महतो को विनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय में प्रतिकुलपति नियुक्त किया है। वहीं, भागलपुर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार पोद्दार को पलामू स्थित नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय तथा रांची विश्वविद्यालय के वनस्पति शास्त्र विभाग के प्रोफेसर डा. हनुमान प्रसाद शर्मा को दुमका स्थित सिदो कान्हू विश्वविद्यालय में प्रति कुलपति नियुक्त किया गया है। इन सभी की नियुक्ति योगदान की तिथि से तीन वर्षो के लिए की गई है। सभी का पदस्थापन विजिलेंस क्लीयरेंस के बाद होगा। बताया जाता है कि राज्यपाल ने शुक्रवार को सुबह में इनकी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री के साथ भी चर्चा की।

---------------

यूजीसी से मान्यता प्राप्त करना होगी प्राथमिकता

रांची : विनोद बिहारी महतो विवि नया विश्वविद्यालय है। इसलिए सबसे पहले यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) से मान्यता लेने की प्रक्रिया पूरी करेंगे ताकि ग्रांट मिले। यह कहना है विवि के नव नियुक्त कुलपति डॉ. अंजनी श्रीवास्तव का। उन्होंने कहा कि नए विवि होने के कारण इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी पूरा ध्यान देंगे। छात्रों को अच्छा माहौल और सारी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। विवि में एकेडमिक की स्थिति योगदान देने के बाद ही पता चल पाएगा। शिक्षकों व छात्रों के साथ मिलकर विवि के एकेडमिक व इंफ्रास्टक्चर का विकास करेंगे। नए कुलपति मंगलवार या बुधवार को योगदान देंगे। डॉ. श्रीवास्तव रांची विवि के पीजी बॉटनी विभाग में प्रोफेसर हैं। ये उच्च शिक्षा निदेशक सहित प्रतिकुलपति भी रह चुके हैं। रिसर्च क्षेत्र में भी बहुत काम किए हैं। ये देश-विदेश में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में वक्ता के तौर पर भाग लेते रहे हैं।

-----------

टीम वर्क के साथ विवि का करेंगे विकास

रांची : टीम वर्क के साथ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी यूनिवर्सिटी (डीएसपीएमयू) को राज्य का नंबर वन यूनिवर्सिटी बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी महान व्यक्तित्व थे। इनके अनुरूप ही विकास की राह पर विवि को ले जाएंगे। यह कहना है डीएसपीएमयू के नए कुलपति डॉ. एसएन सिंह मुंडा का। उन्होंने कहा कि शिक्षकों व छात्रों के साथ मिलकर विवि में एकेडमिक माहौल को और बेहतर करेंगे। रिसर्च को बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें रुचि रखने वाले शिक्षक व छात्रों को सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।

-

एकेडमिक के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर को करेंगे सुदृढ़ :

नए कुलपति डॉ. मुंडा ने कहा कि नया विवि है, एकेडमिक के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ करने पर भी पूरा ध्यान होगा। मल्टीपर्पस एग्जामिनेशन हॉल हो। समय पर परीक्षा व रिजल्ट का प्रकाशन कराएंगे। हमारे विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है। उन्हें पढ़ाई के साथ खेलकूद से जोड़ेंगे छात्र नेशनल लेवल पर विवि का प्रतिनिधित्व कर सकेंगे। छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास के लिए हर जरूरी एक्टिविटी होगी। उन्होंने कहा कि सिंडिकेट व सीनेट का गठन होगा। छात्र संघ चुनाव होंगे। हम स्वतंत्र ढंग से आगे बढ़ेंगे।

डॉ. एसएन मुंडा ने बताया कि वे शनिवार को विवि में वीसी के तौर पर योगदान देंगे। रांची विवि के पीजी मानवशास्त्र विभाग के प्रोफेसर डॉ. मुंडा सिदो-कान्हू विवि के प्रतिकुलपति रहे हैं। ये कई देशों में सेमिनार में मुख्य वक्ता के तौर पर भाग ले चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के जर्नल में इनका आलेख प्रकाशित हुआ है। रांची विवि के टीआरएल विभाग के डॉ. हरि उरांव असिस्टेंट प्रोफेसर सुबास साहू ने डॉ. मुंडा को वीसी बनने पर बधाई दी।

----------

chat bot
आपका साथी