Unlock 5 Jharkhand: सभी धार्मिक स्थल 8 अक्टूबर से खुलेंगे, दुर्गा पूजा पर इस साल नहीं बनेगा पंडाल, रावण दहन की भी अनुमति नहीं

Unlock 5 Guidelines केंद्र सरकार के द्वारा अनलॉक 5 से संबंधित गाइडलाइन जारी करने के बाद आज झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी अनलॉक 5 से संबंधित निर्देश जारी कर दिए हैं। झारखंड सरकार के आदेश के मुताबिक झारखंड के सारे धार्मिक स्थल आठ अक्टूबर से खुल जाएंगे।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Thu, 01 Oct 2020 10:07 PM (IST) Updated:Thu, 01 Oct 2020 10:30 PM (IST)
Unlock 5 Jharkhand: सभी धार्मिक स्थल 8 अक्टूबर से खुलेंगे, दुर्गा पूजा पर इस साल नहीं बनेगा पंडाल, रावण दहन की भी अनुमति नहीं
झारखंड में 8 अक्टूबर से खुलेंगे सारे धार्मिक स्थल। जागरण

रांची (राज्य ब्यूरो) । झारखंड के सारे धार्मिक स्थल (कंटेनमेंट जोन को छोड़कर) आठ अक्टूबर से खोल दिए जाएंगे। शुक्रवार को अनलाक-5 को लेकर जारी नए दिशानिर्देश में गृह विभाग ने इससे संबंधित आदेश जारी किया है। इसके अलावा राज्य सरकार के नए निर्देश में दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर विस्तृत आदेश जारी किया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर पूजा के दौरान थीम आधारित पूजा पंडाल अथवा मंडप का निर्माण नहीं होगा। पंडाल चारों तरफ से कवर होंगे। इसमें स्थापित प्रतिमा चार फीट से ऊंची नहीं होगी।

पूजा पंडाल और मंडप के पास सजावट और लाइटिंग नहीं की जाएगी। इसके अलावा पंडाल के समीप स्वागत अथवा तोरण द्वार नहीं बनाए जा सकेंगे। प्रतिमा स्थल को छोड़कर बाकी क्षेत्र को खुला रखने का निर्देश दिया गया है। यह भी निर्देश है कि पूजा के दौरान पब्लिक एड्रेस सिस्टम की मनाही होगी। पूजा के दौरान मेला नहीं लगाया सकेगा और ना ही पंडाल और मंडप के आसपास फूड स्टॉल लगाए जाएंगे। पूजा पंडाल में एक समय में अधिकतम लोगों से ज्यादा नहीं रह पाएंगे। इसमें आयोजक, पुजारी समेत अन्य लोग शामिल हैं।

विसर्जन जुलूस की भी मनाही की गई है। निर्देश दिया गया है कि विसर्जन जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थान पर किया जाएगा। पूजा के दौरान किसी प्रकार का सामूहिक मनोरंजन अथवा संगीत का कार्यक्रम नहीं होगा। सामुदायिक मेला, प्रसाद और भोग वितरण की भी मनाही होगी। दुर्गा पूजा समितियों के आयोजक किसी प्रकार का आमंत्रण पत्र भी नहीं छपवा पाएंगे। कोई सार्वजनिक समारोह नहीं होगा। गरबा और डांडिया के कार्यक्रम सार्वजनिक स्थानों पर नहीं किए जा सकेंगे। रावण दहन का कार्यक्रम भी नहीं होगा। सार्वजनिक स्थानों पर फेस कवर और मास्क पहनना आवश्यक होगा।

अंतरराज्यीय बस और स्कूल को लेकर कोई निर्देश नहीं

फिलहाल राज्य सरकार ने अंतरराज्यीय बसों के संचालन को लेकर कोई निर्णय नहीं किया है। इसी प्रकार स्कूलों को खोलने को लेकर भी कोई निर्देश नहीं दिया गया है। गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने 15 अक्टूबर से स्कूलों को खोलने का निर्देश दिया है। इसपर अंतिम निर्णय राज्य सरकारों को करना है।

chat bot
आपका साथी