Independence Day 2021: वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव बोले- विकास के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है लोहरदगा

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रविवार को लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्टेडियम में तिरंगा शान से लहराया। मुख्य अतिथि के रुप में झारखंड सरकार के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने झंडोत्तोलन किया। इससे पूर्व मंत्री द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया।

By Vikram GiriEdited By: Publish:Sun, 15 Aug 2021 12:24 PM (IST) Updated:Sun, 15 Aug 2021 12:24 PM (IST)
Independence Day 2021: वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव बोले- विकास के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है लोहरदगा
वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव बोले- विकास के मार्ग पर निरंतर अग्रसर है लोहरदगा। जागरण

लोहरदगा, जासं । स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रविवार को लोहरदगा के बीएस कॉलेज स्टेडियम में तिरंगा शान से लहराया। मुख्य अतिथि के रुप में झारखंड सरकार के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने झंडोत्तोलन किया। इससे पूर्व मंत्री द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। साथ ही तिरंगे को सलामी भी दी गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित भी किया गया। कोविड-19 संक्रमण काल के दौरान बेहतर कार्य करने वालों और टीकाकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को यस फ़ॉर वैक्सीन अभियान के तहत दैनिक जागरण और जिला प्रशासन द्वारा मेडल, प्रमाण पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया। झारखंड सरकार के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो और एसपी प्रियंका मीना ने सम्मानित करने का काम किया।

मौके पर संबोधन के दौरान मंत्री ने कहा कि लोहरदगा जिला और राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है हम सर्वांगीण हितों को लेकर काम कर रहे हैं आम आदमी की जरूरतों को पूरा करना, समस्याओं को खत्म करना और विकास को गति देना हमारे उद्देश्य में शामिल है। मंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के इस शुभ अवसर पर मैं स्वतंत्रता सेनानियों एवं भारत के वीर सपूतों को शत-शत नमन करता हूं। जिन्होंने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है। भारत की स्वतंत्रता लड़ाई में हमारे झारखण्ड राज्य एवं लोहदगा जिला के स्वतंत्रता सेनानियों ने भी अपनी कुर्बानी दी है। उन्हें भी मेरा शत-शत नमन है।

आप सभी को बताते हुए बहुत हर्ष हो रहा है कि मेरे विधायक निधि से जिले को कोविड-19 के तृतीय लहर से बचाने के लिए एक एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। जिसका परिचालन संत उर्सुला अस्पताल लोहरदगा द्वारा किया जाएगा, जिससे आम जनता लाभ उठा सकेगी। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अन्तर्गत वर्ष 2021-22 में अब तक कुल 1684.91 लाख रुपये व्यय किया गया है। जिसमें से 1364.33 लाख रुपये मजदूरी मद में व्यय है। अगस्त 2021 का लेबर बजट के अनुसार सृजित मानव दिवस 7.409 लाख के विरूद्ध अबतक 6.044 लाख ( 81.57 प्रतिशत ) मानव दिवस सृजित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 20191 परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। जिसमें से 247 परिवारों को 100 दिन रोजगार मुहैया कराया गया है।ग्रामीण क्षेत्र के सभी परिवारों का आजीविका वृद्धि के लिए बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत जिला के लगभग 500 एकड़ भूमि में 52284 पौधा लगाया गया है। इससे 540 लाभुक लाभान्वित होंगे।

साथ ही पेशरार प्रखण्ड के 170 एकड़ में 27200 नाशपाती का पौधा लगाया है। इससे भी 160 लाभुक लाभान्वित होंगे।सभी प्रखण्डों में खेल की विकास के लिए 23 वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना में से दो खेल का मैदान योजना पूर्ण कर लिया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण योजना के अन्तर्गत सरकार की योजना है कि सभी गृह विहीन लोगों को एवं जिनका मकान कच्चा है, उन्हें पक्का मकान उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए राज्य सरकार प्रयास कर रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना के तहत गृह निर्माण की कार्रवाई की जा रही है। आपूर्ति विभाग के अन्तर्गत झारखण्ड सरकार ने अपने वादा के अनुसार राज्य के गरीब जनता के लिए सोना सोबरन धोती-साड़ी वितरण योजना प्रारंभ की है। जिसके तहत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्डधारी परिवारों को प्रति कार्ड पर एक धोती या लुंगी और एक साड़ी, सस्ते दर पर वितरण की जा रही है।

साड़ी की कीमत बाजार में 400 रुपये से अधिक है। इसलिए हमारी सरकार की मंशा है कि गरीब जनता को इस योजना का सीधा लाभ गरीब जनता को पहुंचे। हम इसे मात्र दस रुपये में दे रहे हैं। जिला अन्तर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत 90623 राशन कार्ड निर्गत हैं। जिसके अन्तर्गत सदस्यों को चावल, गेहूं, चीनी, नमक एवं किरासन तेल आदि उपलब्ध कराया जाता है। झारखण्ड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 20998 सदस्यों को हरा राशन कार्ड बनाने के लक्ष्य के विरुद्व कुल 27927 सदस्यों को इस योजना से आच्छादित किया जा चुका है। जिनमें से 10741सदस्यों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम अन्तर्गत लाल कार्ड में शिफ्ट किया गया। सुपात्र व्यक्तियों को नया हरा राशन कार्ड का लाभ देने की प्रक्रिया जोरों पर है।जिले में आदिम जनजाति डाकिया योजना के तहत कुल 617 परिवार के अन्तर्गत 2679 सदस्यों को 35 किग्रा. प्रति माह अनाज निःशुल्क उपलब्ध कराया जाता है। जिले में दस मुख्यमंत्री दाल भात केन्द्र संचालित है।

जहां प्रत्येक दिन पांच रुपये प्रति प्लेट की दर से चावल, दाल, सोयाबीन बरी एवं चना सब्जी नियमित रुप से उपलब्ध कराया जाता है। कार्यक्रम के उपरांत विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य करने वालों को सम्मानित किया गया। मौके पर उपायुक्त दिलीप कुमार टोप्पो, एसपी प्रियंका मीना, डीडीसी अखौरी शशांक कुमार सिन्हा, एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह, एसडीओ अरविंद कुमार लाल, सांसद प्रतिनिधि अशोक यादव, विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, कार्यपालक दंडाधिकारी अमित बेसरा, सिविल सर्जन डॉ. संजय कुमार सुबोध, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉक्टर शंभू नाथ चौधरी, सदर अंचलाधिकारी अरुण तिर्की, डीपीआरओ पलटू महतो आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी