Jharkhand: चैंबर अध्यक्ष ने डीजीपी को लिखा पत्र, अपराधियों के बेलगाम होने से खतरे में व्यापार

Jharkhand News कहा है कि राज्य में बढ़ते अपराध से व्यापारियों में भय का माहौल बनता जा रहा है। दुमका शहर में अपराधियों द्वारा गोलीकांड की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाना प्रशासनिक फेल्योर को दर्शाता है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Publish:Sun, 08 Nov 2020 07:19 AM (IST) Updated:Sun, 08 Nov 2020 07:24 AM (IST)
Jharkhand: चैंबर अध्यक्ष ने डीजीपी को लिखा पत्र, अपराधियों के बेलगाम होने से खतरे में व्यापार
कहा कि व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

रांची, जासं। दुमका बाजार में कांग्रेस नेत्री और बक्सा दुकान संचालित करने वाली महिला की अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना पर झारखंड चैंबर ऑफ काॅमर्स ने चिंता जाहिर की है। इसके साथ ही चैंबर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने झारखंड के डीजीपी को पत्र लिखकर कहा है कि राज्य में बढ़ते अपराध से व्यापारियों में भय का माहौल बनता जा रहा है। दुमका शहर में अपराधियों द्वारा गोलीकांड की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

यह वास्तविकता है कि वर्तमान में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है तथा उनमें प्रशासन का भय नहीं है। उदाहरण के तौर पर राजधानी रांची में ही पिछले दो-तीन माह से रंगदारी मांगने जैसी बढ़ती वारदातों से व्यापारी स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ऐसी घटनाएं अन्य जिलों में भी नियमित रूप से हो रही हैं, जिनपर जल्द से जल्द संज्ञान लेने की जरूरत है।

चैंबर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने कहा कि जिला पुलिस प्रशासन की सक्रियता से ही प्रदेश में कानून-व्यवस्था सुव्यवस्थित हुई थी। इससे राज्य में निवेश की अपार संभावनाओं को बल मिला है। मगर फिर से अपराधियों के बढ़ते मनोबल के कारण राजधानी रांची से कहीं आने-जाने में लोगों को आशंका बनी रहती है। चैंबर अध्यक्ष ने बताया कि इससे पहले वे रांची एसएसपी से मिलकर व्यापारियों की सुरक्षा के लिए बैठक कर चुके हैं। बैठक में एसएसपी रांची ने किसी भी स्थिति में व्यापारियों को सीधे फोन करने के लिए कहा।

इसके साथ ही रंगदारी मांगे जानी की सूचना उन्हें देने को कहा। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि किसी भी स्थिति में वे व्यापारियों के साथ हैं। झारखंड चैंबर की तरफ से डीजीपी से आग्रह किया गया है कि प्रदेश में भयमुक्त माहौल विकसित करने के लिए राजधानी रांची के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में हर महीने जिले के पुलिस अधीक्षक एवं व्यापारियों की वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से लाॅ एंड आर्डर पर समीक्षा बैठक के आयोजन की पहल की जाए। इसके साथ ही थाना स्तर पर क्राइम कंट्रोल करने की व्यवस्था पर ठोस पहल की जाए।

chat bot
आपका साथी